डीएम से शिकायत के बाद जागा नगर निगम:6 महीने से लगे कूड़े के ढेर को हटाने का काम शुरू, हटने के बाद होगा पौधरोपण
कानपुर के जाजमऊ स्थित शीतला बाजार में छह महीने से लगे कूड़े के ढेर को आखिरकार हटाने का बुधवार रात 8 बजे से काम शुरू हो गया। नगर निगम में कई बार शिकायत करने के बावजूद जब सफाई नहीं हुई, तो परेशान व्यापारियों ने जिलाधिकारी से गुहार लगाई। करीब 10 दिन पहले व्यापारियों ने डीएम से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्या बताई थी। इसके बाद नगर निगम हरकत में आया और कूड़े के पहाड़ को हटाने का काम शुरू कराया गया। जाजमऊ शीतला बाजार की सड़क किनारे लंबे समय से कूड़ा जमा होने के कारण आसपास के लोगों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कूड़े से उठने वाली दुर्गंध इतनी तेज थी कि सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को नाक बंद करके निकलना पड़ता था। गंदगी के कारण बाजार का माहौल भी प्रभावित हो रहा था। व्यापारियों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर निगम के अधिकारियों से सफाई कराने की मांग की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। आखिरकार उन्हें जिलाधिकारी से शिकायत करनी पड़ी। जाजमऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अखलास अहमद ने गुफरान, राकेश, अनीश आलम और नावेद के साथ बताया कि छह महीने से जमा कूड़े के कारण क्षेत्र में बदबू और गंदगी की समस्या बनी हुई थी। नगर निगम में बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद जिलाधिकारी से शिकायत की गई, जिसके बाद सफाई अभियान शुरू हुआ। व्यापारियों ने बताया कि कूड़े का ढेर पूरी तरह हटने के बाद उस स्थान पर पौधरोपण कराया जाएगा। इसके माध्यम से लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि अब बाजार में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि दोबारा ऐसी स्थिति पैदा न हो और स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)