बुलेट टक्कर के बाद 32 लोगों ने युवक-भाई को पीटा:संचेडी में लाठी-डंडों से हमला, बाइक तोड़ी; घर जाकर बहू को दुष्कर्म की धमकी

Oct 21, 2026 - 21:09
0
बुलेट टक्कर के बाद 32 लोगों ने युवक-भाई को पीटा:संचेडी में लाठी-डंडों से हमला, बाइक तोड़ी; घर जाकर बहू को दुष्कर्म की धमकी
कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में बुलेट मोटरसाइकिल की टक्कर के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पिता-पुत्र समेत 32 लोगों ने युवक और उसके चचेरे भाई को घेरकर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और मोटरसाइकिल के ब्रेक से हमला कर दिया। हमलावरों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गालीगलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान युवक की बाइक तोड़ दी गई और उसके कागजात निकाल लिए गए। इसके बाद कुछ आरोपित सफेद बोलेरो से युवक के घर पहुंचे और उसकी बहू को तमंचा दिखाकर दुष्कर्म करने तथा जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दवा लेने जा रहे थे मां-बेटे, रास्ते में हुआ हादसा गठी गांव निवासी पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पति की मृत्यु हो चुकी है और वह पीलिया से पीड़ित हैं। 18 अक्तूबर को उनका बेटा शिवम अपने चचेरे भाई के साथ पंचमपुरवा बंबा से उनकी दवा लेने जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही बुलेट मोटरसाइकिल की तेज रोशनी शिवम की आंखों पर पड़ी। इससे उसका वाहन अनियंत्रित हो गया और बुलेट से टक्कर हो गई। सूचना पर पहुंचे लोग, लाठी-डंडों से पीटने का आरोप पीड़िता के मुताबिक, टक्कर के बाद बुलेट सवार गजेंद्र और महेंद्र ने अपने पिता सिद्धू सिंह को सूचना दी। आरोप है कि इसके बाद सिद्धू सिंह, विनय सिंह, विनय सिंह के चारों बेटे, बिजेंद्र, गोपाल और भीम समेत अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। पीड़ित पक्ष ने कुल 32 लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है, जिनमें 25 अज्ञात बताए गए हैं। तहरीर के अनुसार, मौके पर पहुंचे लोगों ने शिवम और उसके चचेरे भाई के साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गालीगलौज की। इसके बाद दोनों पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। आरोप है कि मोटरसाइकिल के ब्रेक से भी दोनों को पीटा गया। हमले के दौरान दोनों ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि मारपीट करने वालों ने शिवम की बाइक तोड़ दी और उसके कागजात निकाल लिए। घटना के बाद मामला यहीं नहीं रुका। आरोप है कि कुछ लोग सफेद बोलेरो से उनके घर पहुंच गए। वहां उनकी बहू को तमंचा दिखाकर दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा सचेंडी थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्र ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User