सुरेश खन्ना बोले-अखिलेश यादव 2027 में फिर विपक्ष में बैठेंगे:हरदोई में राहुल गांधी के आरएसएस वाले बयान पर किया पलटवार, कहा- कांग्रेस को कन्फ्यूज्ड पार्टी

Oct 21, 2026 - 21:09
0
सुरेश खन्ना बोले-अखिलेश यादव 2027 में फिर विपक्ष में बैठेंगे:हरदोई में राहुल गांधी के आरएसएस वाले बयान पर किया पलटवार, कहा- कांग्रेस को कन्फ्यूज्ड पार्टी
हरदोई में बुधवार, 21 अक्टूबर को प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर निशाना साधा। उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी के आवास पर पहुंचे खन्ना ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के 2027 में सरकार बनाने के दावे पर तंज कसते हुए कहा कि सपने देखना बुरी बात नहीं है। अखिलेश यादव सपने देखने में माहिर हैं और निश्चित रूप से फिर विपक्ष में बैठेंगे। समाजवाद और रामराज्य के दावों पर उठाए सवाल अखिलेश यादव के समाजवाद को रामराज्य बताने वाले बयान पर खन्ना ने कहा कि समाजवादी पार्टी जो कहती है और जो करती है, उसमें जमीन-आसमान का अंतर है। उन्होंने आरोप लगाया कि रामराज्य की बात करने वाले अखिलेश यादव अयोध्या जाने के बावजूद भगवान श्रीराम के जन्मस्थान पर बने भव्य मंदिर में दर्शन करने नहीं गए। खन्ना ने कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया ने कभी परिवारवाद की बात नहीं की, लेकिन उनके विचारों और विरासत का दावा करने वाली समाजवादी पार्टी आज उनसे अलग रास्ते पर चल रही है। वोट चोरी के आरोपों पर 2014 और 2017 के चुनावों का दिया हवाला विपक्ष के वोट चोरी के आरोपों पर खन्ना ने 2014 के लोकसभा और 2017 के विधानसभा चुनावों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार थी। उस चुनाव में एनडीए को प्रदेश की 80 में से 73 लोकसभा सीटों पर जीत मिली थी। वहीं, 2017 के विधानसभा चुनाव में एनडीए को 403 में से 325 सीटें मिली थीं। खन्ना ने कहा कि पांच साल सरकार चलाने के बाद समाजवादी पार्टी 224 सीटों से सिमटकर 47 सीटों पर पहुंच गई। उन्होंने इसे जनता के समर्थन का परिणाम बताया। राहुल गांधी पर भी किया पलटवार कांग्रेस नेता राहुल गांधी के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को लेकर दिए गए बयान पर खन्ना ने संघ का बचाव किया। उन्होंने कहा कि आरएसएस संस्कार, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने वाला संगठन है। खन्ना ने कांग्रेस को कन्फ्यूज्ड पार्टी बताते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लगातार तीन चुनावों में 100 सीटों का आंकड़ा नहीं छू सकी। ईवीएम और भाजपा की जीत पर विपक्ष को घेरा ईवीएम को लेकर विपक्ष के रुख पर सवाल उठाते हुए खन्ना ने कहा कि विपक्ष चुनाव हारने पर मशीनों को दोष देता है और जीतने पर उन्हीं ईवीएम को सही बताता है। अखिलेश यादव के भाजपा पर बेईमानी के बिना चुनाव नहीं जीतने और अधिकारियों को कथित तौर पर धमकी देने संबंधी बयान पर भी उन्होंने पलटवार किया। खन्ना ने कहा कि विपक्षी नेता सुबह कुछ कहते हैं और शाम तक अपनी बात बदल देते हैं। मोदी-योगी के नेतृत्व पर जताया भरोसा सुरेश खन्ना ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व पर जनता का भरोसा कायम है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा किया है। खन्ना के मुताबिक, केवल शोर मचाने से सत्ता हासिल नहीं होती, बल्कि जनता का विश्वास जीतना जरूरी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User