दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर चलते ट्रक में आग लगी:सहारनपुर में चालक ने कूदकर बचाई जान, दमकल ने पाया काबू

Nov 18, 2026 - 16:50
0
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर चलते ट्रक में आग लगी:सहारनपुर में चालक ने कूदकर बचाई जान, दमकल ने पाया काबू
सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। ट्रक से आग की लपटें और धुआं उठता देख हड़कंप मच गया। खतरे को भांपकर चालक ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना बुधवार की दोपहर करीब 12: 04 बजे की है। फायर स्टेशन देवबंद को सूचना मिली कि थाना कोतवाली देहात क्षेत्रांतर्गत दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक में आग लग गई है। सूचना मिलते ही दमकल की टीम बिना देरी किए घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। मौके पर पहुंचने पर वाहन संख्या HP 71 A 7675 आग की लपटों से घिरा मिला। आग तेजी से फैल रही थी। ऐसे में अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला। सीएफओ प्रताप सिंह की मौजूदगी में दमकल कर्मियों ने एमएफई की सहायता से पंपिंग शुरू की। काफी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। चालक की सूझबूझ से बची जान, बड़ा हादसा टला चलते ट्रक में आग लगने के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा हो सकता था। दमकल टीम की तेजी से आग को आसपास फैलने से रोक लिया गया। सीएफओ प्रताप सिंह ने बताया कि दोपहर 12:04 बजे ट्रक में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही देवबंद फायर स्टेशन की यूनिट को मौके पर भेजा गया। अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आग को पूरी तरह बुझा दिया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल मौके पर स्थिति सामान्य है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User