गोंडा रोडवेज बस स्टॉप के पास दुकानदारों में मारपीट-VIDEO:बसों में सामान बेचने को लेकर लाठी-डंडे और ईंट से हमला, दोनों घायल
गोंडा शहर के रोडवेज बस स्टॉप के पास रविवार दोपहर करीब 3 बजे सामान बेचने को लेकर दो दुकानदारों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर भी चले। इसमें दोनों दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और पुलिस को सूचना दी। बसों में सामान बेचने को लेकर शुरू हुआ विवाद जानकारी के अनुसार, दोनों दुकानदार रोडवेज बस स्टॉप के सामने दुकानें लगाते हैं। वे बसों में चढ़कर भी सामान बेचते हैं। रविवार दोपहर बसों में सामान की बिक्री को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया। पहले दोनों ने एक-दूसरे पर मुक्कों और थप्पड़ों से हमला किया। इसके बाद आसपास पड़े लाठी-डंडे और ईंटें उठाकर एक-दूसरे पर वार करने लगे। राहगीरों और यात्रियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन दोनों पक्ष मारपीट करते रहे। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें दोनों पक्ष गाली-गलौज और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। सूचना पर पहुंची रोडवेज चौकी पुलिस ने दोनों घायलों को गोंडा मेडिकल कॉलेज भेजा। वहां उनका मेडिकल परीक्षण और उपचार कराया गया। दोनों पक्षों ने रोडवेज पुलिस चौकी में एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। उन्होंने कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर कार्रवाई कर रही पुलिस रोडवेज चौकी प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि दोनों दुकानदार बस स्टैंड के सामने दुकानें लगाते हैं। सामान बेचने को लेकर आपसी कहासुनी के बाद मारपीट हुई। दोनों का मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है। तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि रोडवेज बस स्टॉप के पास दो दुकानदारों के बीच मारपीट का मामला संज्ञान में आया है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो की भी जांच कराई जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)