दिवाली पर यूपी के 15 शहरों में कोहरा:प्रदेश में ठंड बढ़ी, पारा 20° से नीचे आया; NCR की हवा खराब

Nov 08, 2026 - 07:21
0
दिवाली पर यूपी के 15 शहरों में कोहरा:प्रदेश में ठंड बढ़ी, पारा 20° से नीचे आया; NCR की हवा खराब
यूपी में ठंड बढ़ गई है। दिवाली की सुबह लखनऊ, श्रावस्ती, देवरिया, महराजगंज, संभल और बाराबंकी समेत 20 शहरों में कोहरा छाया हुआ है। उधर, NCR और पश्चिमी यूपी वाले जिलों में भी वायु प्रदूषण ने चिंता बढ़ा दी है। नोएडा का AQI 400 के पार पहुंच गया है। गाजियाबाद, हापुड़ और बागपत की हवा भी रेड जोन में पहुंच गई है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो पूरे प्रदेश में रात का पारा 20°C से नीचे आ गया है। हरदोई सबसे ठंडा रहा, यहां पारा 14°C रिकॉर्ड किया गया। सबसे ज्यादा तापमान झांसी में 33.5°C दर्ज किया गया। वाराणसी BHU के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया- दिवाली वाले हफ्ते में तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं। सुबह के समय कोहरा बना रह सकता है। मौसम में बदलाव के साथ सुबह और शाम की ठंडक बढ़ेगी। दिवाली पर पश्चिमी यूपी से पूर्वांचल तक कैसा रहेगा मौसम? पश्चिमी यूपी: नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, आगरा और मथुरा में फिलहाल मौसम शुष्क रहने के संकेत हैं। सुबह हल्की धुंध देखने को मिल सकती है। मध्य यूपी: लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, सीतापुर, हरदोई और रायबरेली में बारिश की फिलहाल संभावना नहीं है। दिन में धूप और रात में हल्की ठंड का असर रह सकता है। पूर्वांचल: वाराणसी, गाजीपुर, बलिया, मऊ, आजमगढ़, जौनपुर, गोरखपुर और देवरिया में भी मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। सुबह के समय कुछ स्थानों पर हल्की धुंध देखने को मिल सकती है। बुंदेलखंड: झांसी, बांदा, चित्रकूट, महोबा, हमीरपुर और ललितपुर में भी फिलहाल बारिश का कोई संकेत नहीं है। रबी फसलों की बुवाई और सिंचाई में बरतें सावधानी नवंबर में बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों को रबी फसलों के प्रबंधन में सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासकर पूर्वांचल में गेहूं, चना, मटर और सरसों की बुवाई के दौरान खेतों में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखें। निचले खेतों में पानी भरने से फसलों को नुकसान हो सकता है। जिन खेतों में बारिश के कारण पर्याप्त नमी है, वहां अनावश्यक सिंचाई से बचें। मौसम की स्थिति और मिट्टी में नमी को देखते हुए ही बुवाई और सिंचाई का निर्णय लें। ठंड-कोहरे में इन फसलों का रखें ध्यान गेहूं: शुरुआती बढ़वार के समय पर्याप्त नमी बनाए रखें। खेत में जलभराव न होने दें। सरसों: लगातार कोहरा और नमी रहने से सफेद रतुआ और अन्य फफूंद वाले रोगों का खतरा बढ़ सकता है। फसल की नियमित निगरानी करें। आलू: झुलसा रोग की आशंका पर पत्तियों की जांच करें। रोग के लक्षण दिखने पर कृषि विशेषज्ञों की सलाह लें। मटर और चना: अधिक नमी और जलभराव से जड़ों को नुकसान हो सकता है। खेतों में जल निकासी की व्यवस्था रखें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User