दिवाली से पहले नकली ब्रांडेड इलेक्ट्रॉनिक सामान का खेल बेनकाब:मेरठ में कंपनियों के डुप्लीकेट पैकेजिंग बॉक्स तैयार कर बाजार में खपाने की थी तैयारी
मेरठ में दिवाली के त्योहार से पहले बाजार में ब्रांडेड इलेक्ट्रॉनिक सामान के नाम पर ग्राहकों को नकली उत्पाद बेचने की तैयारी चल रही थी। नामी कंपनियों के नाम और लोगो वाले ऐसे डुप्लीकेट पैकेजिंग बॉक्स तैयार किए जा रहे थे, जिन्हें देखकर असली और नकली में अंतर करना आसान नहीं था। इन बॉक्स में नकली इलेक्ट्रॉनिक सामान भरकर बाजार में सप्लाई किया जाना था। कंपनियों की डुप्लीकेसी रोकने वाली टीम ने पुलिस के साथ छापा मारकर इस खेल का पर्दाफाश किया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सुभाष नगर में चल रही फैक्ट्री से बड़ी संख्या में डुप्लीकेट बॉक्स बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को पकड़कर माल सील करा दिया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मयूर विहार फेस-1 दिल्ली निवासी रविंद्र सिंह पुत्र जीवन सिंह चंडीगढ़ की स्पीड सर्च एंड सिक्योरिटी नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड के लिए काम करते हैं। रविंद्र सिंह के मुताबिक, उनकी कंपनी कई नामी इलेक्ट्रॉनिक कंपनियों के उत्पादों की डुप्लीकेसी रोकने और नकली माल के कारोबार पर नजर रखने का काम करती है। इनमें वी-गार्ड इंडस्टरीज लिमिटेड, हैवेल्स इंडिया लिमिटेड, पाली कब इंडिया लिमिटेड, पैनासोनिक लाइफ सॉल्यूशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और आरआर केबल प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। सूचना पर पुलिस के साथ की गई छापेमारी
रविंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी कंपनी को सूचना मिली थी कि मेरठ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में इन कंपनियों के नाम से मिलते-जुलते नकली पैकेजिंग बॉक्स तैयार किए जा रहे हैं। इन बॉक्स की बनावट और प्रिंटिंग इस तरह की जा रही थी कि पहली नजर में वे असली कंपनी के पैकेजिंग बॉक्स जैसे दिखाई दें। इसके बाद कंपनी की टीम ने स्थानीय पुलिस से संपर्क किया। पुलिस को साथ लेकर सुभाष नगर गली नंबर आठ स्थित चंद्र पैकेजिंग कंपनी की फैक्ट्री पर छापा मारा गया। असली जैसी पैकिंग, अंदर नकली माल भरने की तैयारी
छापेमारी के दौरान फैक्ट्री में नामी कंपनियों के नाम वाले डुप्लीकेट पैकेजिंग बॉक्स मिले। आरोप है कि इन बॉक्स का इस्तेमाल नकली इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की पैकिंग और सप्लाई के लिए किया जाना था। ब्रांडेड कंपनियों के नाम और पहचान का इस्तेमाल कर नकली सामान को असली बताकर बाजार में खपाना इस पूरे खेल का मकसद बताया जा रहा है। त्योहार के दौरान इलेक्ट्रॉनिक सामान की खरीदारी बढ़ने के कारण इस तरह की गतिविधियों से ग्राहकों को ठगे जाने की आशंका थी। एक व्यक्ति पकड़ा, माल थाने लाकर सील कराया
पुलिस और कंपनी की टीम ने मौके से अजीत बिश्नोई पुत्र दिनेश कुमार विश्नोई को पकड़ लिया। फैक्ट्री से बरामद पैकेजिंग बॉक्स और अन्य सामान को कब्जे में लेकर थाने लाया गया। इसके बाद बरामद माल को सील करा दिया गया। कंपनी प्रतिनिधि रविंद्र सिंह की तहरीर पर सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। एसपी बोले- आरोपी के खिलाफ मुकदमा
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि कंपनी की शिकायत पर मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मौके से बरामद बॉक्स को सील कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। कौन कौन इस काम से जुड़े थे, जल्द यह पता लगा लिया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)