कमर्शियल स्पेस बेचने के नाम पर 43 लाख ठगे:दूसरे की संपत्ति का करा दिया बैनामा, बैंक से लोन लेने पहुंचे तो खुला फर्जीवाड़ा

Nov 03, 2026 - 23:48
0
कमर्शियल स्पेस बेचने के नाम पर 43 लाख ठगे:दूसरे की संपत्ति का करा दिया बैनामा, बैंक से लोन लेने पहुंचे तो खुला फर्जीवाड़ा
लखनऊ के अलीगंज निराला नगर निवासी एक कारोबारी से कमर्शियल स्पेस बेचने के नाम पर 43 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने विभूतिखंड स्थित भव्या कॉरपोरेट टावर में दो कमर्शियल स्पेस का सौदा कर कारोबारी के नाम बैनामा भी करा दिया। बाद में जब कारोबारी संपत्ति पर लोन लेने बैंक पहुंचे तो पता चला कि जिस स्पेस को उन्हें बेचा गया है, वह विक्रेता के नाम ही नहीं है। पीड़ित की शिकायत पर कोर्ट के आदेश से वजीरगंज पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। निराला नगर निवासी कारोबारी कुशल मलिक के मुताबिक, वर्ष 2022 में वह कमर्शियल स्पेस खरीदना चाहते थे। इस दौरान प्रॉपर्टी डीलर अरुण कुमार और केशव ने उनका परिचय हबीबुल्लाह स्टेट स्थित मिलेनियम ऑर्गेनिक प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक शशिकांत पांडेय से कराया। शशिकांत ने विभूतिखंड के भव्या कॉरपोरेट टावर की तीसरी मंजिल पर स्थित दो कमर्शियल स्पेस को अपना बताया। सौदा तय होने पर कारोबारी ने तीनों को कुल 43 लाख रुपए दे दिए। इसके बाद 21 नवंबर 2022 को शशिकांत ने वजीरगंज स्थित उप निबंधक पंचम कार्यालय में कारोबारी के नाम संपत्ति का बैनामा भी करा दिया। लोन लेने पहुंचे तो पता चला, दूसरे की है संपत्ति पीड़ित का आरोप है कि कुछ समय बाद जब वह उक्त संपत्ति पर लोन लेने के लिए निजी बैंक पहुंचे तो दस्तावेजों की जांच में पता चला कि बेचे गए दोनों कमर्शियल स्पेस शशिकांत पांडेय के नाम नहीं, बल्कि कानपुर के स्वरूप नगर निवासी कंचन वर्मा के नाम दर्ज हैं। इसके बाद उन्होंने आरोपियों से अपनी रकम वापस मांगी तो वे धमकाने लगे। पुलिस से शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने पर कारोबारी ने कोर्ट की शरण ली। एसीपी चौक शुभम ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर वजीरगंज पुलिस ने शशिकांत पांडेय, अरुण कुमार और केशव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़ित से जालसाजी से संबंधित दस्तावेज मांगे गए हैं। आरोपियों को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। साक्ष्य मिलने के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User