दीवाली से पहले पीवीवीएनएल एमडी ने बिजलीघरों का किया रुख:ट्रांसफार्मर का लोड, ऑयल लेवल और अर्थिंग जांची, अनुरक्षण में मानक की अनदेखी पर चेताया
त्योहारी सीजन को लेकर विद्युत विभाग के अफसरों ने भी कमर कस ली है। कमान खुद एमडी पीवीवीएनएल रवीश गुप्ता ने संभाली है। उन्होंने एक साथ दो सब स्टेशनों का निरीक्षण करते हुए अफसरों को चौका दिया। आनन फानन में अफसर सब स्टेशन पर पहुंचे और व्यवस्था तैयार की। एमडी ने ट्रांसफार्मर, विद्युत लाइनों और अन्य उपकरणों की स्थिति जांची। साथ ही अनुरक्षण कार्यों में निर्धारित मानकों का पालन करने, सुरक्षा उपकरणों को दुरुस्त रखने और उपभोक्ता शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। प्रबंध निदेशक ने बिजलीघरों पर पहुंचकर पावर ट्रांसफार्मर का लोड, ऑयल लेवल, अर्थिंग तथा डब्ल्यूटीआई (वाइंडिंग टेंपरेचर इंडिकेटर) और ओटीआई (ऑयल टेंपरेचर इंडिकेटर) की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ट्रांसफार्मर और विद्युत उपकरणों का अनुरक्षण निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाए, ताकि उपकरणों को क्षतिग्रस्त होने से बचाया जा सके और त्योहारों के दौरान आपूर्ति बाधित न हो। सुरक्षा उपकरणों के रखरखाव पर जोर
निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने फायर एक्सटिंग्विशर, बैट्री चार्जर समेत अन्य सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और उचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत उपकेंद्र और यार्ड की साफ-सफाई तथा रखरखाव व्यवस्था का भी जायजा लिया। प्रबंध निदेशक ने बिजलीघर की लॉग शीट सहित अन्य अभिलेखों की भी जांच की। बिजली चोरी रोकने और राजस्व बढ़ाने के निर्देश
प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने और राजस्व वृद्धि के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्युत चोरी रोकने के लिए गंभीरता से काम किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। इसके साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। बिना सुरक्षा उपकरणों के लाइन पर न करें काम
विद्युत लाइनों पर काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी प्रबंध निदेशक ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लाइन पर कार्य करते समय सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल अनिवार्य रूप से किया जाए। किसी भी परिस्थिति में बिना सुरक्षा उपकरणों के लाइन पर काम न किया जाए। इससे पूर्व शनिवार को भी एमडी ने औचक निरीक्षण कर अभियंताओं को चौका दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)