संभल में ठेकेदार पर जानलेवा हमला करने वाला गिरफ्तार:24 घण्टे में पुलिस ने पकड़ा, आरोपी सऊद के पास से छुरा बरामद
संभल के चिमियावली गांव में बुधवार को ठेकेदार इरफान पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने गुरुवार दोपहर करीब 2:00 बजे खुलासा करते हुए आरोपी सऊद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया छुरा भी बरामद किया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। चिमियावली गांव निवासी इरफान पुत्र इदरीश राजस्थान में ईंट-भट्ठों की चिमनी बनाने का ठेका लेते हैं। बुधवार सुबह करीब नौ बजे वह मजदूरों को राजस्थान ले जाने के लिए इकट्ठा कर रहे थे। उनकी योजना बहजोई से ट्रेन पकड़कर मजदूरों को राजस्थान ले जाने की थी। इसी दौरान गांव में होली चौक के पास उन पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में इरफान की गर्दन, पेट समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। परिजन और ग्रामीण उन्हें जिला संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार किया गया। इरफान के दोस्त मोहम्मद रफी ने बताया था कि वह और इरफान मजदूरों को इकट्ठा कर रहे थे। इसी दौरान गांव का सऊद पुत्र शाहिद कथित तौर पर घर से चाकू लेकर आया और इरफान पर हमला कर दिया। रफी के मुताबिक, हमले से पहले दोनों के बीच न तो कोई झगड़ा हुआ था और न ही कहासुनी हुई थी। हमले की वजह भी उन्हें पता नहीं थी। मामले में मुकदमा संख्या 239/2026 भारतीय न्याय संहिता की धारा 352 और 109(1) के तहत दर्ज किया गया था। आरोपी सऊद (22) पुत्र शाहिद निवासी चिमियावली मुकदमे में वांछित चल रहा था। एसपी विकासचन्द्र त्रिपाठी के निर्देश पर वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएसपी उत्तरी सुमित सुधाकर रामटेके और सीओ कुलदीप कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक मोहित चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चंदौसी-मुरादाबाद बाईपास स्थित सरकारी ट्यूबवेल के पास आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके कब्जे से एक छुरा बरामद हुआ। पुलिस ने गुरुवार को मामले का खुलासा कर आरोपी को जेल भेज दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)