गेस्टहाउस विवाद में युवक ने की आत्महत्या:भाई बोला- 5 लाख की प्रॉपर्टी हड़पने के लिए दबाव बना रहे थे संचालक, एक गिरफ्तार
कौशांबी के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के नई बाजार में गेस्ट हाउस के किराये और जमा पूंजी को लेकर चल रहे विवाद में युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक के भाई ने गेस्ट हाउस संचालकों पर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि संचालक लगातार धमकी दे रहे थे और जमा पूंजी व सामान भी वापस नहीं कर रहे थे। बुधवार को भाई की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने शाम 5 बजे एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पांच साल के लिए किराये पर लिया था गेस्ट हाउस नई बाजार निवासी निगम केसरवानी (25), पुत्र स्वर्गीय राजेश केसरवानी का हीरा लाल गेस्ट हाउस के संचालक बबलू केसरवानी और राजू केसरवानी से पांच साल के लिए गेस्ट हाउस चलाने का मौखिक समझौता हुआ था। मृतक के भाई शुभम केसरवानी के मुताबिक, सालाना 14 लाख रुपए किराया तय हुआ था। निगम ने अपनी जमा पूंजी से करीब पांच लाख रुपए के बेड, टेबल, कुर्सी, प्लेट समेत अन्य सामान खरीदा था। गेस्ट हाउस के संचालन के लिए जरूरी व्यवस्थाएं भी की थीं। किराया बढ़ाने और अतिरिक्त रकम मांगने का आरोप शुभम के मुताबिक, गेस्ट हाउस का संचालन शुरू होने के बाद संचालकों ने सालाना किराया बढ़ाकर 20 लाख रुपए करने का दबाव बनाया। इसके अलावा सामान बढ़ाने के लिए चार लाख, जनरेटर के लिए दो लाख और कैमरा व पुताई के नाम पर डेढ़ लाख रुपए मांगे जाने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर गेस्ट हाउस खाली कराने और वहां रखे सामान को किराये पर देने की धमकी दी जाती थी। गेस्ट हाउस में हुआ था विवाद परिजनों के मुताबिक, 16 नवंबर की शाम करीब साढ़े चार बजे निगम बातचीत करने गेस्ट हाउस पहुंचा था। वहां उसने अपनी जमा पूंजी और सामान वापस मांगा तो विवाद हो गया। आरोप है कि संचालकों ने निगम और उसकी मां के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। घर लौटने के बाद निगम ने अपनी बहन खुशबू को भी पूरी घटना बताई थी। भाई की तहरीर पर दो के खिलाफ केस, एक गिरफ्तार परिजनों का आरोप है कि लगातार मिल रही धमकियों और प्रताड़ना से परेशान होकर निगम ने मंगलवार को घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बुधवार को मृतक के भाई शुभम की तहरीर पर पश्चिम शरीरा पुलिस ने बबलू केसरवानी और राजू केसरवानी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने शाम 5 बजे बबलू उर्फ विनोद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)