नोएडा की हवा फिर हुई जहरीली, एक्यूआई 303 पर पहुंचा:सेक्टर-62 में एक्यूआई 412, 20 नवंबर तक निर्माण कार्य पर रोक; दिल्ली बॉर्डर पर जाम
नोएडा में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। शहर में सुबह से ही स्मॉग की चादर छाई हुई है। गुरुवार सुबह नौ बजे शहर का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 303 दर्ज किया गया। यह बहुत खराब श्रेणी में है। सबसे ज्यादा प्रदूषण सेक्टर-62 में दर्ज किया गया, जहां एक्यूआई 412 तक पहुंच गया। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर में पहले से ही ग्रेप-2 की पाबंदियां लागू हैं। वहीं, पांच नवंबर से नोएडा में विकास परियोजनाओं के निर्माण कार्यों पर भी रोक लगा दी गई है। यह प्रतिबंध 20 नवंबर तक जारी रहेगा। हालांकि, जरूरी और प्रमुख निर्माण कार्यों को छूट दी गई है। शहर के अलग-अलग सेक्टरों में भी प्रदूषण का स्तर काफी अधिक है। सेक्टर-62 में एक्यूआई 412 दर्ज किया गया। इसके अलावा सेक्टर-110 में 287, सेक्टर-150 में 288, सेक्टर-1 में 269 और सेक्टर-116 में 257 एक्यूआई रहा। प्रदूषण का स्तर बढ़ने से लोगों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। आने वाले दिनों में प्रदूषण का स्तर और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। तीन दिनों का प्रदूषण का हाल नोएडा में पिछले कुछ दिनों से प्रदूषण का स्तर लगातार ऊंचा बना हुआ है। चार नवंबर को शहर का औसत एक्यूआई 316 दर्ज किया गया था। तीन नवंबर को यह 291, दो नवंबर को 330 और एक नवंबर को 248 रहा था। आंकड़ों से साफ है कि हवा की गुणवत्ता में लगातार उतार-चढ़ाव के बीच प्रदूषण का स्तर खराब बना हुआ है। दिल्ली बॉर्डर पर वाहनों की चेकिंग से लगा जाम दिल्ली में बीएस-4 श्रेणी के वाहनों की एंट्री पर रोक के चलते नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया है। सेक्टर-62 और चिल्ला बॉर्डर पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। दिल्ली में प्रवेश से पहले वाहनों की जांच की जा रही है। इसके चलते सुबह और व्यस्त समय में लोगों को जाम का सामना करना पड़ रहा है। बॉर्डर पर वाहनों की आवाजाही धीमी होने से आसपास की सड़कों पर भी यातायात प्रभावित हो रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)