सहारनपुर में विवाहिता को फंदे से लटकाने की कोशिश:फोन पर तीन तलाक की धमकी देने का भी आरोप, पति समेत 8 ससुरालियों पर FIR

Nov 05, 2026 - 10:10
0
सहारनपुर में विवाहिता को फंदे से लटकाने की कोशिश:फोन पर तीन तलाक की धमकी देने का भी आरोप, पति समेत 8 ससुरालियों पर FIR
सहारनपुर में विवाहिता ने पति और ससुराल के लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और कमरे में बंद कर फंदे से लटकाने की कोशिश का आरोप लगाया है। शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने गुरुवार सुबह 7:30 बजे पति समेत आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। कैलाशपुर के मौलवी साहब मोहल्ले की इकरा नाज ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी 28 मार्च 2026 को गागलहेड़ी के जनता गार्डन पैलेस में शारिक से मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। उनके मुताबिक, मायके वालों ने शादी में अपनी हैसियत से ज्यादा करीब दो तोले सोने के जेवर, 50 से 60 तोले चांदी के आभूषण, घरेलू सामान, फर्नीचर, कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक सामान दिया था। इकरा के मुताबिक, शादी के बाद कुछ समय तक सब ठीक रहा। मायके से ससुराल लौटते समय परिवार वाले उन्हें कुछ सामान देकर भेजते थे। करीब दो महीने पहले पिता की मौत के बाद मायके की आर्थिक स्थिति खराब हो गई और परिवार सामान नहीं दे पाया। आरोप है कि इसके बाद ससुराल के लोग ताने मारने और गाली-गलौज करने लगे। उन्हें तीन तलाक दिलवाने की धमकी भी दी गई। इकरा ने आरोप लगाया कि 4 अगस्त 2026 को शाम करीब 4 बजे परिवार का एक सदस्य कमरे में आया, गाली-गलौज की और फोन पर तलाक दिलवाने की धमकी दी। इसके बाद सभी आरोपी कमरे में पहुंचे और दरवाजा बंद कर लिया। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने दुपट्टे का फंदा बनाकर उन्हें पंखे से लटकाने की कोशिश की। इकरा ने खुद को बचाकर कमरे से बाहर निकलते हुए शोर मचाया। इसके बाद उन्होंने फोन कर अपने भाई और बहन को बुलाया। पीड़िता ने पति पर राज्य से बाहर रहने के बावजूद फोन पर गाली-गलौज करने और मानसिक उत्पीड़न का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने पति शारिक समेत आठ आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User