गोरखपुर में 18 बूथों पर वोटिंग, 7,289 शिक्षक मतदाता:बैलेट बॉक्स के साथ रवाना हुए कर्मचारी; डीएम ने निरीक्षण किया

Oct 22, 2026 - 22:57
0
गोरखपुर में 18 बूथों पर वोटिंग, 7,289 शिक्षक मतदाता:बैलेट बॉक्स के साथ रवाना हुए कर्मचारी; डीएम ने निरीक्षण किया
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार को मतदान होगा। जिले के 18 बूथों पर सुबह 8 से शाम 4 बजे तक वोट डाले जाएंगे। गुरुवार शाम सभी बूथों पर पोलिंग पार्टियां पहुंच गईं। मतदान में बाधा न आए, इसलिए कक्षा 12 तक के स्कूल बंद रहेंगे। इस चुनाव में 17 जिलों के 54,910 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। कुल 16 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनके बीच मुकाबला होगा। मतपत्र से होगा मतदान, वरीयता लिखना जरूरी शिक्षक MLC चुनाव में EVM के बजाय मतपत्र और मतपेटिका से मतदान कराया जाएगा। मतदाताओं को प्रत्याशियों के नाम के सामने अपनी पसंद के क्रम में वरीयता दर्ज करनी होगी। पहली पसंद के लिए ‘1’, दूसरी के लिए ‘2’ और इसी तरह आगे की पसंद लिखी जा सकती है। इसके लिए निर्वाचन आयोग की ओर से दी गई कलम का ही इस्तेमाल करना होगा। निर्देशों का पालन नहीं करने पर मतपत्र अवैध हो सकता है। सहायक रिटर्निंग ऑफिसर एवं जिलाधिकारी दीपक मीणा ने गुरुवार को पोलिंग पार्टियों के रवाना होने के स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि चुनाव पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराया जाएगा। इसके लिए प्रशिक्षित कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। मतदान के बाद मतपेटिकाएं दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय में बने स्ट्रांग रूम में रखी जाएंगी। डीएम ने स्ट्रांग रूम का भी निरीक्षण किया। 8 किमी के दायरे में शराब की दुकानें बंद चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए मतदान और मतगणना स्थल के आठ किलोमीटर के दायरे में शराब की दुकानों और बार को बंद रखने का आदेश दिया गया है। 23 अक्टूबर को मतदान समाप्त होने तक और 27 अक्टूबर को मतगणना पूरी होने तक देशी-विदेशी शराब, बीयर, कंपोजिट और मॉडल शॉप, ताड़ी-भांग की दुकानों के साथ होटल, क्लब और रेस्टोरेंट बार भी बंद रहेंगे। आजमगढ़ में सबसे ज्यादा मतदाता 17 जिलों में सबसे अधिक 8,592 शिक्षक मतदाता आजमगढ़ और 7,289 गोरखपुर में हैं। अन्य जिलों में बहराइच में 1,636, गोंडा में 2,805, बस्ती में 2,045, सिद्धार्थनगर में 2,787, महराजगंज में 3,572, देवरिया में 4,278, मऊ में 5,131, सुल्तानपुर में 2,679, अमेठी में 1,099, अयोध्या में 3,084, कुशीनगर में 3,496, आंबेडकरनगर में 2,891, श्रावस्ती में 1,004, बलरामपुर में 982 और संतकबीरनगर में 1,540 मतदाता हैं। 16 प्रत्याशी मैदान में चुनाव में भाजपा के ध्रुव त्रिपाठी, सपा के डॉ. संजयन त्रिपाठी, अजय सिंह, डॉ. राकेश सिंह, राजीव यादव, सत्यपाल सिंह, डॉ. शरदेंदु कुमार त्रिपाठी, निरंकार राम त्रिपाठी, अजीत कुमार सिंह, देव भास्कर तिवारी, राजेश पांडेय, शिव श्याम यादव, दिनेश कुमार मिश्र, पंकज कुमार, राकेश कुमार तिवारी और राम प्रताप राम मैदान में हैं। शहर में यहां डाल सकेंगे वोट नगर निगम क्षेत्र में डीएवी इंटर कॉलेज, दीवान बाजार; अभय नंदन इंटर कॉलेज, भेड़ियागढ़; रफी अहमद किदवई इंटर कॉलेज, पड़हा (मोहद्दीपुर); दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय; डीएवी डिग्री कॉलेज, नसीराबाद; राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज और तुलसीराम इंटर कॉलेज, रायगंज में मतदान होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में बापू इंटर कॉलेज, पीपीगंज; क्षेत्र पंचायत कार्यालय कैंपियरगंज, सहजनवा, खजनी, उरुवा, गगहा और गोला; पंचायत कार्यालय चरगावां और पिपराइच तथा तहसील कार्यालय चौरीचौरा और बांसगांव में मतदान की व्यवस्था की गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User