बीएनडी कॉलेज प्रिंसिपल पर धोखाधड़ी का केस:संविदा कर्मी से नौकरी के नाम पर 3 लाख लिए, रुपए मांगने पर धमकी का आरोप
कानपुर के माल रोड स्थित ब्रह्मानंद डिग्री कॉलेज (बीएनडी कॉलेज) के प्राचार्य पर स्थाई नौकरी दिलाने के नाम पर संविदा कर्मी से तीन लाख रुपये लेने और बाद में किसी दूसरे की नियुक्ति कराने का आरोप लगा है। पीड़ित का आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर प्राचार्य ने उसे जान से मरवाने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पुलिस से कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने डीसीपी पूर्वी से शिकायत की। उनके आदेश पर गुरुवार रात कैंट थाने में प्राचार्य के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। बर्रा स्थित विश्व बैंक कॉलोनी निवासी शशांक शुक्ला के मुताबिक, वह वर्ष 2007 से बीएनडी कॉलेज में संविदा पर कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं। आरोप है कि वर्ष 2013 में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विवेक द्विवेदी ने उन्हें स्थाई नियुक्ति दिलाने का भरोसा देकर तीन लाख रुपये लिए थे। हालांकि, आरोप है कि तृतीय श्रेणी कार्यालय सहायक के रिक्त पद पर शशांक की नियुक्ति करने के बजाय किसी दूसरे व्यक्ति को नियुक्त कर दिया गया। पीड़ित के अनुसार, इसके बाद प्राचार्य ने उन्हें जल्द ही किसी अन्य पद पर समायोजित करने का आश्वासन दिया। इसी भरोसे में वह लंबे समय तक इंतजार करते रहे, लेकिन करीब 11 साल बीतने के बाद भी उनकी स्थाई नियुक्ति नहीं हुई। शशांक का आरोप है कि अब रिक्त पद पर नियुक्ति कराने के लिए उनसे 22 लाख रुपये की मांग की जा रही है। आरोप है कि जब उन्होंने अपने तीन लाख रुपये वापस मांगे तो प्राचार्य ने उन्हें जान से मरवाने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता से गुहार लगाई। कैंट थाना प्रभारी अरविंद कुमार राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राचार्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)