गोरखपुर में तोते पुल्लू को ढूंढने के लिए रखा इनाम:पटाखे की आवाज से डरकर उड़ गया, 6 साल से पाल रही थीं बहनें
गोरखपुर के सिविल लाइंस की सौम्या और साक्षी पाठक अपने पालतू तोते पुल्लू के गायब होने से परेशान हैं। दोनों बहनें शहर के कई इलाकों में उसकी तलाश करके थक चुकी हैं। अब तोते को ढूंढने के लिए 4 हजार रुपये का इनाम रखा है। बहनों ने बताया कि उसके माथे पर लाल बिंदी लगी है। इसका पोस्टर सोशल मीडिया पर भी शेयर कर रही हैं। ताकि उनका खोया पुल्लू उन्हें मिल सके। अनहोनी का सता रहा डर बेचैन निगाहों से सिविल लाइंस की गलियों में पालतू तोता पुल्लू को खोजती बहनें चिंतित हैं कि उनके प्यारे तोते को खुद से खाना भी नहीं आता। तोते के साथ अनहोनी का डर भी उन्हें सताने लगा है। सौम्या बताती हैं कि कभी पुल्लू की आवाज से घर में रौनक रहती थी। वह पिजड़े में नहीं रहता था, हमेशा कमरे में इधर उधर बैठता रहता था। परिवार के सभी लाेगों को नाम लेकर बुलाता था। सुबह उठते ही उससे बातें करना और अपने हाथों से दाना-पानी देना दोनों बहनों की दिनचर्या थी, लेकिन 10 नवंबर को पटाखे की तेज आवाज से डर कर पुल्लू उड़ गया। इसके बाद से ही उसका कोई पता नहीं चल सका है। तोते को ढूंढने के लिए रखा इनाम परिवार के लोग तलाश में इधर-उधर भटक रहे हैं। घरवालों का खाना-पीना मुश्किल हो गया है। पिता फायर ब्रिगेड नौकरी करते हैं और दोनों बहनें सिविल सर्विसेज की तैयारी। रायगंज से 6 साल पहले सौम्या तोते के बच्चे को बाजार से खरीदकर लाई थीं। धीरे-धीरे उसकी आवाज, शरारतें और घर में इधर-उधर चहकना परिवार के जीवन का हिस्सा बन गया। सौम्या ने बताया कि तेज आवाज से डरा पुल्लू उनकी आंखों के सामने से ही उड़ गया। पहले लगा कि लौट आएगा, लेकिन काफी समय तक नहीं आया तो परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई। सौम्या और साक्षी ने आसपास के घरों, छतों और पेड़ों पर उसकी तलाश की। उन्हें चिंता सता रही है कि पुल्लू अब खाता-पीता कैसे होगा? क्योंकि उसे चम्मच से पानी पिलाते थे। दोनों ने उसके माथे पर लाल बिंदी लगाई है। सौम्या और साक्षी की बस एक ही गुहार है कि किसी को भी उनका मिट्ठू दिखाई दे तो सूचना जरूर दें। दोनों बहनों ने तोते को ढूंढने के लिए अपनी बचत से 4 हजार रुपये का नकद इनाम रखा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)