72 घंटे में दुकानों, कारखानों और मकान में चोरी:बुलंदशहर में चोरों ने नकदी, जेवर और कीमती सामान उड़ाया
बुलंदशहर की कोतवाली खुर्जा नगर क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। बीते 72 घंटों के भीतर नगर के अलग-अलग इलाकों में ताबड़तोड़ चोरियों की वारदातों ने न केवल लोगों को दहशत में डाल दिया है, बल्कि स्थानीय पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुकानों, कारखानों और बंद मकान को निशाना बनाकर बदमाश नकदी, जेवर व कीमती सामान समेट ले गए, जिससे पीड़ितों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। शुक्रवार रात चोरों ने मंडी दानगंज क्षेत्र की दो दुकानों को निशाना बनाया। अनाज मंडी स्थित महेश घी चौक पर दुकान संचालक कमल कुमार मित्तल पुत्र विनेश मित्तल, निवासी मुरारी नगर की दुकान में चोरों ने जीने का रास्ता काटकर प्रवेश किया। दुकान खोलने पर गल्ला खाली मिला और सामान बिखरा पड़ा था। चोर गल्ले से 20 हजार रुपये नकद, 500 मिलीलीटर की 5 पेटी घी और 1 लीटर की 2 पेटी घी ले गए, जिससे करीब सवा से डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, स्टेट बैंक वाली गली स्थित दुकान संचालक हर्ष की दुकान में भी रात करीब 2 से 3 बजे के बीच ऊपर से जाल तोड़कर चोर घुसे और नकदी व अन्य सामान पार कर ले गए। इससे पहले 18 नवंबर की देर रात मुरारी नगर क्षेत्र में शंकर होटल के पीछे संचालित दो कारखानों को चोरों ने निशाना बनाया, जिसकी जानकारी 19 नवंबर की सुबह हुई। कारखाना संचालक मोहम्मद समीम के मुताबिक उनके कारखाने से प्रेस की करीब 30 से 35 डाइयां और अन्य कीमती सामान चोरी हो गया, जिससे लगभग लाखो रुपये की चपत लगी। पड़ोस में स्थित दूसरे कारखाने के संचालक फईम हसन के कारखाने से जनरेटर के मुख्य पार्ट्स चोरी होने से करीब 25 हजार रुपये का नुकसान हुआ। इसके अलावा ईदगाह रोड स्थित खीरखानी मोहल्ला बुर्ज उस्मान में चोरों ने एक बंद मकान को खंगाल डाला। पीड़िता नफीसा ने बताया कि वह अपनी पुत्रवधू के साथ दो माह से मायके में रह रही थीं। 18 नवंबर की दोपहर करीब 3 बजे बेटी सईदा ने फोन पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि अलमारी व संदूकों के ताले टूटे थे। चोर सोने-चांदी के आभूषण, बेटे की शादी के लिए रखे कपड़े व अन्य सामान ले गए, जिसकी कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। 17 नवंबर की रात मुंडाखेड़ा चौराहे के पास यामीन पुत्र फजलूरहमान की दुकान का शटर टूटा मिला तथा गल्ले में रखे 6 लाख रुपये से अधिक की नकदी गायब थी। एसपी देहात अंतरिक्ष जैन का कहना है कि पीड़ितों की तहरीर के आधार पर मामले दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है, घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)