हाथरस में वोटर लिस्ट पुनरीक्षण के लिए लगे कैंप:छूटे नाम जुड़वाने और विवरण बदलने के लिए लोगों ने भरे फॉर्म, अधिकारियों ने किया निरीक्षण
हाथरस में आज शनिवार को मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए विशेष शिविर लगे। इनमें वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने या विवरण बदलवाने का मौका मिला। बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) ने आवेदन लिए और हेल्प डेस्क पर सहायता दी। नया नाम जुड़वाने (फॉर्म-6), हटवाने (फॉर्म-7) और जानकारी बदलने (फॉर्म-8) के लिए फॉर्म भरे गए। कई लोगों ने नाम जुड़वाए और संशोधन कराए। जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने मुरसान, बरसै और सासनी के केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को पात्र नागरिकों के नाम वोटर लिस्ट में शामिल कर गलतियां ठीक करने के निर्देश दिए। बीएलओ को घर-घर जाकर ऐसे लोगों को चिह्नित करने को कहा गया, जिनका नाम वोटर लिस्ट में नहीं है। यह काम निष्पक्ष व नियमानुसार होना चाहिए।
पुनरीक्षण का काम निष्पक्षता से किया जाए उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य पूर्ण शुद्धता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ किया जाए। विशेष शिविर कैंपों के माध्यम से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं सहित अन्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम, आयु एवं अन्य विवरणों में आवश्यक संशोधन की कार्यवाही भी की जा रही है। निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन नवंबर माह में किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान संबंधित उप जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)