कानपुर आरएसपीएल कंपनी के ड्राइवर ने आत्महत्या की:ड्यूटी के बाद खेत में जामुन के पेड़ से फंदा लगाया; पुलिस जांच में नाम आने से परेशान था
कानपुर के शिवराजपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर कामा गांव में ड्राइवर मानसिंह पाल ने शनिवार सुबह फांसी लगाकर जान दे दी। उसका शव खेत के पास जामुन के पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मानसिंह चौबेपुर स्थित आरएसपीएल कंपनी में ड्राइवर था। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार शाम वह कंपनी की गाड़ी लेकर बाहर गया था। शनिवार सुबह करीब 4 बजे उसने कंपनी में गाड़ी खड़ी की और घर जाने के बजाय सीधे खेत की ओर चला गया। कुछ देर बाद उसने जामुन के पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। हादसे के मामले में नाम आने से था परेशान मानसिंह ग्रामीणों के अनुसार करीब तीन-चार महीने पहले कंपनी की गाड़ी से एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी। आरोप है कि हादसे के बाद बुजुर्ग के शव को धान के खेत में डालने के मामले में मानसिंह का नाम सामने आया था। पुलिस जांच में नाम आने के बाद वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि मानसिंह को जेल जाने का डर सता रहा था। इसी तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य घटना की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)