संभल में 820 किलो रसगुल्ले और 50 लीटर दूध नष्ट:खाद्य विभाग ने की कार्रवाई, 9 दुकानों से खोया, पनीर, घी और मिठाइयों के लिए नमूने
संभल में दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिलावट और अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की। जिले में 820 किलो रसगुल्ले और 50 लीटर दूध नष्ट कराया गया। इसके अलावा नौ दुकानों और मिठाई बनाने वाली इकाइयों से खोया, पनीर, घी और मिठाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त मानवेंद्र सिंह ने रविवार दोपहर करीब एक बजे कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि DM अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर त्योहारों को देखते हुए जिले के अलग-अलग इलाकों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। चंदौसी में गणेश स्वीट्स से क्रीम छैना, कल्लू हलवाई से सोनपापड़ी और ज्योति स्वीट्स से छैना रसगुल्ले का नमूना लिया गया। मंगलसेन हलवाई और दक्ष स्वीट्स को नोटिस भी जारी किए गए। संभल कोतवाली क्षेत्र में गुरु स्वीट्स से पनीर, खोया और घी के नमूने लिए गए। गुन्नौर तहसील के धनारी थाना क्षेत्र स्थित भिरावटी गांव में प्रेमपाल की दुकान से छैना और छैना रसगुल्ले के नमूने लिए गए। दो इकाइयों में मिले रसगुल्ले नष्ट कराए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने संभल तहसील के हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के मुबारकपुर बंद गांव में रसगुल्ले बनाने वाली इकाई की जांच की। यहां से चार नमूने लिए गए। टीम ने अस्वच्छ हालत में रखे 370 किलो रसगुल्ले और 50 लीटर दूध नष्ट कराया। वहीं, चंदौसी तहसील के कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के मुड़ियाखेड़ा गांव में दूसरी इकाई से दो नमूने लिए गए। यहां 450 किलो रसगुल्ले नष्ट कराए गए। दोनों इकाइयों में कुल 820 किलो रसगुल्ले नष्ट किए गए। सहायक आयुक्त मानवेंद्र सिंह ने बताया कि गुरु स्वीट्स, ज्योति स्वीट्स, दक्ष स्वीट्स और कल्लू हलवाई समेत कई दुकानों की जांच की गई। मिलावट के संदेह में पनीर, खोया, रसगुल्ले और अन्य मिठाइयों के नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के आयुक्त के निर्देश पर खाद्य और पेय पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान चलाया जा रहा है। त्योहारों के दौरान यह अभियान जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)