हरदोई में धूमधाम से मनाई गई महर्षि वाल्मीकि जयंती:भव्य शोभायात्रा, भंडारे के साथ सपा-भाजपा कार्यालयों में भी कवि के चित्र पर अर्पित किए गए पुष्प

Oct 26, 2026 - 17:27
0
हरदोई में धूमधाम से मनाई गई महर्षि वाल्मीकि जयंती:भव्य शोभायात्रा, भंडारे के साथ सपा-भाजपा कार्यालयों में भी कवि के चित्र पर अर्पित किए गए पुष्प
हरदोई जनपद में आदि कवि महर्षि वाल्मीकि की जयंती पूरे हर्षोल्लास और भक्तिमय माहौल के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जगह-जगह भंडारे का आयोजन हुआ और विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यालयों में भी महर्षि वाल्मीकि को नमन किया गया। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर सुख-समृद्धि की कामना की। शोभायात्रा सोमवार की दोपहर 2:15 बजे शुरू हुई जो शहर के अलग-अलग स्थानों से होते हुए रेलवेगंज में करीब 4:15 बजे समाप्त हुई। शहर में आदि कवि गुरु महर्षि वाल्मीकि मंदिर आश्रम कमेटी एवं समस्त सेवादारों की ओर से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। रेलवेगंज स्थित मंदिर से शुरू हुई यह शोभायात्रा तिकुनिया पार्क, जिला अस्पताल रोड, सिनेमा चौराहा और बड़ा चौराहा होते हुए पूरे शहर में भ्रमण करती हुई गुजरी। इस दौरान शामिल आकर्षक झांकियां लोगों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजे की गूंज के बीच श्रद्धालु वाल्मीकि लिखे तख्तियां थामकर नृत्य करते और भक्ति में लीन नजर आए। इसके अलावा, पुलिस लाइन के पास वाल्मीकि समाज के अशोक कुमार, राहुल वाल्मीकि, रेनू, शिवानु, तान्या, कोमल आदि सहयोगियों द्वारा भंडारे का आयोजन किया गया, जहां लोगों ने बूंदी का प्रसाद ग्रहण कर भगवान का शुक्रिया अदा किया। धार्मिक आयोजनों के साथ राजनीतिक दलों ने भी इस पर्व को उत्साह से मनाया। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष अजय सिंह पाल की अध्यक्षता में जयंती मनाई गई, जिसमें कार्यकर्ताओं ने चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके बताए संकल्पों पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने महर्षि वाल्मीकि को संस्कृत का प्रथम विद्वान और रामायण का रचयिता बताते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। इसी प्रकार, भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पर भी जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन और अन्य पदाधिकारियों ने महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि ने धर्म, सत्य और मर्यादा के मार्ग पर चलने का जो संदेश दिया, वह आज भी संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्त्रोत है। हरदोई में हुए इन आयोजनों ने आपसी सौहार्द और सांस्कृतिक एकता का एक अनूठा उदाहरण पेश किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User