हरदोई में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार वृद्ध को कुचला, मौत:शाहाबाद-पाली मार्ग पर मुरीदापुर के पास हादसा; टक्कर के बाद खंती में चली गई ट्रैक्टर-ट्रॉली
हरदोई में शाहाबाद-पाली मार्ग पर बृहस्पतिवार शाम करीब 6:15 बजे ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार वृद्ध की मौत हो गई। हादसा मुरीदापुर गांव के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खंती में चली गई। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के तड़ेर गांव निवासी 62 वर्षीय पुत्तू के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, पुत्तू बृहस्पतिवार शाम किसी निजी काम से बाइक से मुरीदापुर गांव गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुरीदापुर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पुत्तू सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय कोतवाली पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तीन बेटियों के सिर से उठा पिता का साया पुत्तू की तीन बेटियां हैं और सभी की शादी हो चुकी है। परिवार के बुजुर्ग की अचानक मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिजन शव देखकर बदहवास हो गए। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई शाहाबाद कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से शिकायती पत्र मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)