ऑडी हिट एंड रन पर सपा ने भाजपा को घेरा:अलीगढ़ की घटना को लेकर सोशल मीडिया पर सियासी टकराव, सपा ने विनोद तावड़े की पोस्ट का दिया जवाब
अलीगढ़ में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवराज सिंह की ऑडी कार से बाइक सवार हलवाई मनोज की मौत का मामला अब सियासी तूल पकड़ने लगा है। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज हुई तो समाजवादी पार्टी ने इस घटना को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। सपा मीडिया सेल ने भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े की पोस्ट को टैग करते हुए सवाल उठाया कि सपा शासनकाल के कथित गुंडाराज की बात करने वालों को मौजूदा सरकार में ऐसी घटनाएं क्यों नहीं दिखाई देतीं? इस तरह मनोज की मौत का मामला अब कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा और सपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का मुद्दा बन गया है।
दरअसल, विनोद तावड़े ने अपनी पोस्ट में सपा और पीडीए पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि पूर्ववर्ती सपा सरकार में प्रदेश दंगों और अराजकता की चपेट में था। उन्होंने अखिलेश यादव की राजनीति और सपा की प्राथमिकताओं पर भी सवाल उठाए थे। इसी पोस्ट के जवाब में सपा मीडिया सेल ने अलीगढ़ की ऑडी दुर्घटना से जुड़ी खबरें और वीडियो के स्क्रीनशॉट साझा कर भाजपा को घेरने की कोशिश की।
सीसीटीवी के बाद तेज हुई पुलिस की कार्रवाई
मामला मंगलवार रात करीब 12 बजे का है। आरोप है कि विवाद के बाद ऑडी कार से बाइक सवार मनोज को टक्कर मारी गई, जिससे उसकी मौत हो गई। गुरुवार सुबह घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया। पुलिस ने कार की पहचान कर उसे जब्त किया और मामले में हत्या के इरादे समेत गंभीर आरोपों के तहत मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आए सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना के समय कार चला रहे संभावित आरोपी के रूप में भाजपा के पूर्व विधायक चौधरी देवराज सिंह के भतीजे विक्रांत का नाम सामने आया है। हालांकि, देवराज सिंह इस दावे से इनकार कर रहे हैं। पुलिस विक्रांत की तलाश कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, उसके पकड़े जाने और पूछताछ के बाद साक्ष्यों का मिलान कर घटना की स्थिति और भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
कानून-व्यवस्था पर आमने-सामने दोनों दल
सपा ने अलीगढ़ की घटना को भाजपा के उन आरोपों के जवाब के तौर पर पेश किया है, जिनमें सपा शासनकाल की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए गए थे। वहीं, पुलिस की जांच का केंद्र फिलहाल घटना के समय कार कौन चला रहा था, टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसकी क्या भूमिका थी, इन सवालों पर है।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मनोज की मौत का मामला पुलिस जांच से आगे बढ़कर राजनीतिक बहस का विषय बन गया है। अब पुलिस की कार्रवाई और जांच में सामने आने वाले साक्ष्य तय करेंगे कि घटना की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)