फिरोजाबाद से 42 पुलिसकर्मी जीआरपी में संबद्ध:रेलवे सुरक्षा के लिए एक साल तक टूंडला और फिरोजाबाद थानों पर तैनात होंगे, 3 SI भी शामिल
फिरोजाबाद। रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए फिरोजाबाद जिले से 42 पुलिसकर्मियों को एक वर्ष के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) में संबद्ध किया गया है। इनमें तीन उपनिरीक्षक, 15 मुख्य आरक्षी, 20 आरक्षी और चार महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। इनकी तैनाती जीआरपी थाना टूंडला और जीआरपी थाना फिरोजाबाद में की जाएगी। जारी सूची के अनुसार, पुलिसकर्मियों को जिले के विभिन्न थानों, पुलिस लाइन, यूपी-112 और अन्य शाखाओं से चयनित किया गया है। उपनिरीक्षक वीर सिंह और स्वप्निल कश्यप को जीआरपी थाना टूंडला से संबद्ध किया गया है, जबकि उपनिरीक्षक विजेंद्र सिंह को जीआरपी थाना फिरोजाबाद में तैनाती दी गई है। सूची में शामिल मुख्य आरक्षियों और आरक्षियों को दोनों जीआरपी थानों में जरूरत के अनुसार तैनात किया जाएगा। वहीं, महिला पुलिसकर्मियों को भी रेलवे पुलिस व्यवस्था का हिस्सा बनाया गया है। इनमें बबीता चौधरी और छवि तोमर को जीआरपी थाना टूंडला, जबकि प्रियंका और ऊषा चौधरी को जीआरपी थाना फिरोजाबाद से संबद्ध किया गया है। एक वर्ष की इस संबद्धता से रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)