IAS बनने के सपने के साथ DM से मदद मांगी:बलिया में कक्षा 10 की छात्रा को 5 हजार रुपए मिले, ट्राइसाइकिल देने का आश्वासन
बलिया के पुरुषोत्तमपट्टी गांव की कक्षा 10 में पढ़ने वाली दिव्यांग छात्रा खुशी पटेल बुधवार को अपनी मां के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची। उसने पढ़ाई में मदद के लिए जिलाधिकारी से मुलाकात की। खुशी IAS अधिकारी बनकर दिव्यांगों और देश-समाज की सेवा करना चाहती है। जिलाधिकारी ने खुशी को 5 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी। उन्होंने ट्राइसाइकिल देने का आश्वासन भी दिया और कहा कि वे खुद उसके घर ट्राइसाइकिल लेकर आएंगे। खुशी की पढ़ाई के प्रति लगन को देखते हुए स्कूल की फीस माफ करने की बात भी सामने आई है। शारीरिक दिव्यांगता के बावजूद वह रोज घर से करीब 2 किलोमीटर दूर जाकर कोचिंग संस्थान और स्कूल की गाड़ी पकड़ती है। खुशी ने कहा, “मुझे किसी चीज का लालच नहीं है। मेरा सपना IAS बनकर दिव्यांगों सहित समाज और देश की सेवा करना है।” खुशी की मां ने बताया कि वह पांच बहनों में सबसे बड़ी है। परिवार में एक छोटा भाई भी है। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। खुशी बलिया जिले की सिकंदरपुर तहसील के पुरुषोत्तमपट्टी गांव की रहने वाली है। जिलाधिकारी कार्यालय से मदद और भरोसा मिलने के बाद उसने IAS बनने का सपना पूरा करने की उम्मीद जताई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)