इटावा के राधाबल्लभ मंदिर में गिरिराज को छप्पन भोग:अन्नकूट उत्सव पर गोवर्धन पूजा, श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के बाद प्रसाद लिया

Nov 09, 2026 - 15:36
0
इटावा के राधाबल्लभ मंदिर में गिरिराज को छप्पन भोग:अन्नकूट उत्सव पर गोवर्धन पूजा, श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के बाद प्रसाद लिया
इटावा के छैराहा स्थित श्रीधाम वृंदावन राधाबल्लभ मंदिर में सोमवार दोपहर 1 बजे गोवर्धन पूजा और अन्नकूट उत्सव श्रद्धा व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गोबर से गोवर्धन महाराज का विग्रह तैयार कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। भगवान गिरिराज को अलग-अलग पकवानों के साथ छप्पन भोग अर्पित किया गया। भजन-कीर्तन से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। अन्नकूट उत्सव के लिए मंदिर को फूलों और रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से सजाया गया था। सुबह मंदिर के चरण सेवक गोपाल प्रकाश चंद्र गोस्वामी ने राधाबल्लभ लाल महाराज, राधारानी और श्री लालजू का विशेष पूजन कर आकर्षक श्रृंगार किया। इसके बाद मंदिर परिसर में गोबर से गोवर्धन महाराज का विग्रह बनाया गया। इसे सब्जियों, फलों, फूलों और मेवों से सजाया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच चंद्र प्रकाश गोस्वामी, गोपाल प्रकाश चंद्र गोस्वामी, निर्मला गोस्वामी, प्रथम शर्मा, अंश और वंश गोस्वामी ने गोवर्धन महाराज का पूजन किया। भगवान को अलग-अलग प्रकार के पकवानों और दूध का भोग लगाया गया। इसके साथ ही छप्पन भोग अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने भी पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान आयोजित भजन-कीर्तन में हित आशीष और प्रदीप ने गिरिराज महाराज के भजन प्रस्तुत किए। भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। गिरिराजधरण प्रभु तुम्हरी शरण के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठा। पूजा के बाद श्रद्धालुओं को अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर के चरण सेवक गोपाल प्रकाश चंद्र गोस्वामी ने गोवर्धन पूजा का महत्व बताते हुए कहा कि भगवान गिरिराज और गौ माता की पूजा विशेष फलदायी मानी जाती है। गिरिराज महाराज की परिक्रमा करने से भक्तों के मनोरथ पूरे होते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को जीवन में कम से कम एक बार गिरिराज महाराज की परिक्रमा अवश्य करनी चाहिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User