निवर्तमान जिलाध्यक्ष ने कहा उठा लेंगे केस:सोशल मीडिया पर टिप्पणी से नाराज हो कार्यकर्ताओं पर दर्ज कराया था FIR

Nov 10, 2026 - 23:56
0
निवर्तमान जिलाध्यक्ष ने कहा उठा लेंगे केस:सोशल मीडिया पर टिप्पणी से नाराज हो कार्यकर्ताओं पर दर्ज कराया था FIR
समाजवादी पार्टी के निवर्तमान जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम ने कार्यकर्ताओं के साथ मची खींचतान को खत्म करने की पहल की है। यादव कार्यकर्ताओं पर केस के बाद यह मामला लखनऊ तक गया था, जिसके बाद हाईकमान की ओर से इस मामले में पूछताछ की गई है। जिसके बाद निवर्तमान जिलाध्यक्ष ने मंगलवार को फेसबुक पेज पर की गई पोस्ट में बातचीत कर FIR वापस कराने की बात कही है। निवर्तमान जिलाध्यक्ष ने लिखा 'सपा एक परिवार है और परिवार में इस बीच जो उठा-पटक हुई है, उस घटना को भुलाते हुए जिन साथियों के ऊपर सोशल मीडिया पर अपशब्दों का प्रयोग करने के कारण मुकदमा पंजीकृत हुआ है। उस भाई से बातचीत करके मुकदमा उठा लिया जाएगा।' उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने के लिए हम सभी साथियों से अनुरोध करते हैं कि एकजुट होकर ताकत लगाएं। पहले जानिए क्या था मामला गोरखपुर की कैंपियरगंज के सपा नेता साधु यादव पर, निवर्तमान जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम की ओर से की गई एक टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर जंग छिड़ गई है। साधु के समर्थक कार्यकर्ता निवर्तमान जिलाध्यक्ष को भला-बुरा कहने लगे। परिणाम में ब्रजेश कुमार गौतम का अपमान करने के आरोप में एक अधिवक्ता ने कई समर्थकों पर रामगढ़ताल थाने में FIR दर्ज कराई है। जिनके ऊपर केस दर्ज कराया गया है, उनमें ज्यादातर यादव समाज से हैं। केस दर्ज होने के बाद साधु यादव के समर्थकों की ओर से और भी टिप्पणी की जा रही है। उन्होंने इसे निवर्तमान जिलाध्यक्ष की ओर से दीपावली का तोहफा बताया है। फिलहाल दोनों पक्षों में जमकर वाकयुद्ध चल रहा है। ब्रजेश कुमार गौतम को एमएलसी चुनाव से पहले जिलाध्यक्ष पद से हटा दिया गया था लेकिन नए जिलाध्यक्ष की तैनाती होने तक प्रभारी के रूप में काम करने का निर्देश हाईकमान की ओर से दिया गया है। अब जानिए निवर्तमान जिलाध्यक्ष ने क्या कहा था निवर्तमान सपा जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम ने फेसबुक पर लिखा था कि 'कैंपियरगंज, साधु यादव भाजपा विधायक फतेह बहादुर सिंह से मिले हुए हैं। चुनाव लड़ने तक किसी हद तक जा सकते हैं। अपने समर्थकों से एक दलित जिलाध्यक्ष को अपमानित करवा रहे हैं।' दलित वर्ग से आने वाले ब्रजेश कुमार गौतम 2010 के पहले बसपा के भी जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। उनकी इस टिप्पणी के बाद साधु यादव के समर्थकों की ओर से कई टिप्पणियां की गईं। जिसके बाद अधिवक्ता अश्विनी गोड़ ने एक दलित जिलाध्यक्ष का अपमान करने का लेकर रामगढ़ताल थाने में तहरीर दी और केस दर्ज कराया। इस बात की जानकारी सपा प्रमुख को भी दी गई है। कई कार्यकर्ताओं ने राजनीति छोड़ने की बात कही मुकदमा दर्ज होने के बाद कई कार्यकर्ताओं ने राजनीति छोड़ने की बात कही है। सपा नेता अखिलेश यादव ने कहा कि गोरखपुर सपा में पिछले 25 सालों में उन्होंने इतनी अनुशासनहीनता नहीं देखी। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर लिखा कि मन बहुत खिन्न है, सोच रहा हूं कि राजनीति से संन्यास ले लूं। सपा के एक पूर्व जिलाध्यक्ष ने कहा कि सपा प्रमुख कैंपियरगंज में नवीन या साधु में से जिसको टिकट देंगे, पूरी पार्टी उसके साथ होगी। जानिए क्या है कैंपियरगंज का पूरा मामला कैंपियरगंज में साधु यादव सपा के पुराने नेता हैं। उनकी पत्नी चिंता यादव 2006 में जिला पंचायत अध्यक्ष बनी थीं। 2012 और 2017 में वह विधानसभा का चुनाव भी लड़ चुकी हैं लेकिन दोनों ही बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा। 2022 में सपा ने काजल निषाद को विधानसभा का टिकट दिया था लेकिन वह भी चुनाव हार गईं। इस बार सपा के पुराने नेता नवीन यादव ने दावा किया कि अखिलेश यादव ने उन्हें कैंपियरगंज से तैयारी करने को कहा है। उनका टिकट पक्का है। उस समय जिलाध्यक्ष रहे ब्रजेश कुमार गौतम ने उनका नाम फाइनल होने की पुष्टि की थी। विधानसभा क्षेत्र में जब नवीन ने पहली रैली निकाली तो उसमें जिलाध्यक्ष सहित कई पुराने जिलाध्यक्ष व बड़े नेता उनकी ओर से शामिल हुए। जवाब में साधु ने भी रैली निकालकर अपनी ताकत दिखाई थी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User