फर्जी ईडी अधिकारी सचिन के पिता हिरासत में:रिफाइनरी पुलिस कर रही पूछताछ, जांच के बाद कानूनी कार्रवाई होगी

Nov 10, 2026 - 23:56
0
फर्जी ईडी अधिकारी सचिन के पिता हिरासत में:रिफाइनरी पुलिस कर रही पूछताछ, जांच के बाद कानूनी कार्रवाई होगी
मथुरा में खुद को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का अधिकारी बताकर अधिकारियों और लोगों पर रौब जमाने तथा ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार सचिन शर्मा के मामले में पुलिस ने मंगलवार को अब उसके पिता को भी हिरासत में लिया है। रिफाइनरी पुलिस पिता से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों और पूछताछ के आधार पर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थाना रिफाइनरी पुलिस ने पिछले दिनों फरह क्षेत्र के रहने वाले सचिन शर्मा को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि सचिन पिछले करीब दो वर्षों से खुद को प्रवर्तन निदेशालय का अधिकारी बताकर लोगों पर रौब जमा रहा था। वह अपनी निजी कार पर नीली बत्ती लगाकर चलता था और इसी के जरिए खुद को प्रभावशाली अधिकारी के रूप में पेश करता था। इतना ही नहीं, सोशल मीडिया पर भी उसने अपनी पहचान ईडी अधिकारी के रूप में प्रचारित कर रखी थी। पुलिस की जांच में उसके पास से ईडी अधिकारी का फर्जी पहचान पत्र और अन्य संदिग्ध सामान बरामद हुआ था। बताया गया कि वह फर्जी अधिकारी बनकर लोगों को प्रभावित करता था और अपने पद का रौब दिखाकर लोगों के बीच धाक जमाता था। उसकी गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया था। अब इस मामले की जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस ने सचिन के पिता सुरेश चंद को भी हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे यह जानने का प्रयास कर रही है कि सचिन की कथित गतिविधियों की जानकारी उन्हें थी या नहीं और इस पूरे मामले में उनकी क्या भूमिका रही है। थाना रिफाइनरी प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर सचिन के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User