मेरठ में बारिश के जलभराव से नहीं जूझेंगी बिजलीघर:पांच उपकेंद्रों की बनेगी स्थायी कार्ययोजना, एमडी रवीश गुप्ता ने अधिकारियों को दिए निर्देश

Nov 10, 2026 - 23:23
0
मेरठ में बारिश के जलभराव से नहीं जूझेंगी बिजलीघर:पांच उपकेंद्रों की बनेगी स्थायी कार्ययोजना, एमडी रवीश गुप्ता ने अधिकारियों को दिए निर्देश
पश्चिमाचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने बारिश के दौरान बिजलीघरों में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए पांच विद्युत उपकेंद्रों को सिविल कार्ययोजना में शामिल करने के निर्देश दिए हैं। इनमें माधवपुरम, रामलीला ग्राउंड, लेडीज पार्क, उद्योगपुरम प्रथम एवं द्वितीय और मोहकमपुर विद्युत उपकेंद्र शामिल हैं। एमडी ने अधिकारियों से कहा कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर ऐसे इंतजाम किए जाएं जिससे बारिश में जलभराव के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित न हो। ऊर्जा भवन स्थित डिस्कॉम मुख्यालय के सभागार में मंगलवार को सम्भव कार्यक्रम के तहत आयोजित जनसुनवाई में एमडी रवीश गुप्ता ने उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनीं। इस दौरान मेरठ और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे उपभोक्ताओं ने बिजली बिल, विद्युत लाइन, पोल शिफ्टिंग और अन्य समस्याओं से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं। एमडी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। पांच बिजलीघरों में जलभराव का स्थायी समाधान जनसुनवाई में बारिश के दौरान जलभराव से प्रभावित होने वाले बिजलीघरों का मुद्दा प्रमुखता से उठा। इस पर एमडी ने मुख्य अभियंता मेरठ क्षेत्र प्रथम रजनीकांत मिश्रा को तलब कर अब तक की कार्ययोजना की जानकारी ली। मुख्य अभियंता ने बताया कि माधवपुरम और रामलीला ग्राउंड बिजलीघरों में बारिश के दौरान होने वाली समस्याओं के समाधान के लिए जरूरी सिविल कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। इस पर एमडी ने निर्देश दिए कि केवल दो बिजलीघरों तक कार्ययोजना सीमित न रखी जाए। लेडीज पार्क, उद्योगपुरम प्रथम एवं द्वितीय और मोहकमपुर बिजलीघरों को भी इसमें शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या का अस्थायी नहीं, बल्कि स्थायी समाधान होना चाहिए। घर के अंदर से गुजर रहे बिजली के तार जनसुनवाई में कंकरखेड़ा के शिवलोकपुरी निवासी बुजेश्वर कांत शर्मा ने घर के अंदर से गुजर रहे बिजली के तारों को हटवाने की मांग की। उन्होंने बताया कि तारों के कारण परिवार के सदस्यों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। एमडी ने अधिकारियों को मौके का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी तरह सैनिक विहार, कंकरखेड़ा निवासी एक उपभोक्ता ने मकान संख्या बी-89 के मुख्य द्वार के ठीक सामने लगे बिजली के पोल को दूसरी जगह शिफ्ट कराने की मांग की। उपभोक्ता का कहना था कि पोल के कारण घर में आने-जाने में परेशानी होती है। एमडी ने तकनीकी कर्मचारियों से मौके की जांच कराने और नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। 14 जिलों में हर मंगलवार जनसुनवाई एमडी रवीश गुप्ता ने कहा कि उपभोक्ता संतुष्टि विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिकायतों का निस्तारण पारदर्शी, जवाबदेह और गुणवत्तापूर्ण तरीके से होना चाहिए। इसी उद्देश्य से पश्चिमांचल डिस्कॉम के सभी 14 जनपदों में प्रत्येक मंगलवार को उपभोक्ता सेवा शिविर और जनसुनवाई आयोजित की जा रही है। इनमें वरिष्ठ अधिकारी उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनकर त्वरित और स्थायी समाधान के लिए कार्रवाई करते हैं। जनसुनवाई में यह अधिकारी रहे मौजूद जनसुनवाई में निदेशक कार्मिक एवं प्रशासन आशु कालिया, निदेशक वाणिज्य संजय जैन और निदेशक वित्त रवंतत्र कुमार तोमर मौजूद रहे। इनके अलावा मुख्य अभियंता मोहम्मद सगीर, राजकुमार, रजनीकांत मिश्र, गुरजीत सिंह, महाप्रबंधक लेखा अमित रोहिला, अधीक्षण अभियंता मोहम्मद अरशद भी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User