जालौन में अधिकारियों ने निकाली एकता दौड़:रन फॉर यूनिटी पुलिस लाइन से शुरू होकर पटेल चौक पहुंची
जालौन के उरई में शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश देने के उद्देश्य से उरई स्थित पुलिस लाइन से सुबह 9.30 बजे रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। इसमें प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ स्कूली बच्चों और अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया। शनिवार को पुलिस लाइन उरई से आयोजित रन फॉर यूनिटी को जिलाधिकारी समीर, पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत और अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान अधिकारियों ने स्वयं भी दौड़ में प्रतिभाग कर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। पुलिस लाइन से शुरू हुई करीब डेढ़ किलोमीटर की यह दौड़ विभिन्न मार्गों से होते हुए पटेल चौक पर पहुंचकर संपन्न हुई।
पटेल चौक पर जिलाधिकारी समीर, पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत, मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान अधिकारियों ने लौह पुरुष के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।
अधिकारियों ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व से देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव मजबूत की थी। उनका जीवन देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।
उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज में आपसी सौहार्द, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत बनाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को देश की एकता और अखंडता बनाए रखने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)