सहारनपुर में आवारा कुत्तों को बच्चें को मारा डाला:रात को घर से खेलने निकला था, रातभर नोचते रहे, सुबह को शव खेत में मिला

Oct 31, 2026 - 11:25
0
सहारनपुर में आवारा कुत्तों को बच्चें को मारा डाला:रात को घर से खेलने निकला था, रातभर नोचते रहे, सुबह को शव खेत में मिला
सहारनपुर में थाना नागल क्षेत्र के गांव बेलड़ा जुनारदार में आवारा कुत्तों का आतंक एक मासूम की जान पर भारी पड़ गया। शुक्रवार शाम घर से खेलने के लिए निकले 11 वर्षीय प्रियांशु का शव शनिवार सुबह गांव के निकट एक खेत में पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि खूंखार कुत्ते बच्चे को खींचकर गांव के पास जंगल की ओर ले गए और वहां रातभर उसे नोचते रहे। इस दर्दनाक घटना में मासूम की मौत हो गई। सुबह बच्चे का शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, गांव बेलड़ा जुनारदार निवासी रविंदर का 11 वर्षीय पुत्र प्रियांशु शुक्रवार शाम करीब पांच बजे घर से खेलने के लिए निकला था। इसके बाद वह देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा। काफी समय बीतने के बावजूद जब प्रियांशु घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को उसकी चिंता सताने लगी। उन्होंने आसपास के क्षेत्रों और गांव में उसकी तलाश शुरू कर दी। देर रात तक परिजन और ग्रामीण बच्चे को तलाशते रहे, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा। बच्चे के लापता होने की सूचना सोशल मीडिया पर भी साझा की गई, ताकि किसी को उसके बारे में जानकारी मिले तो परिजनों तक पहुंचाई जा सके। इसके बावजूद पूरी रात तलाश करने के बाद भी प्रियांशु का कोई पता नहीं चल सका। परिवार के लोगों को उम्मीद थी कि बच्चा कहीं मिल जाएगा, लेकिन शनिवार सुबह जो खबर सामने आई, उसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। सुबह खेत में पड़ा मिला मासूम का शव, गांव में मचा कोहराम शनिवार सुबह गांव के निकट एक खेत में प्रियांशु का शव पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि कुत्तों ने बच्चे पर हमला कर उसे बुरी तरह नोच डाला था। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। मासूम की दर्दनाक मौत की खबर सुनकर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन मौके पर पहुंचे तो बच्चे का शव देखकर उनकी चीख-पुकार मच गई। जिस बच्चे को परिवार पूरी रात तलाशता रहा, वह सुबह मृत अवस्था में मिला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना नागल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। तीन भाइयों में सबसे बड़ा था प्रियांशु, कक्षा पांच में करता था पढ़ाई प्रियांशु की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया गया कि वह अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और गांव के ही एक विद्यालय में कक्षा पांच में पढ़ाई करता था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन आवारा कुत्तों के हमले में उसकी जिंदगी खत्म हो गई। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध हैं। दो दिन पहले भी दो बच्चों को कुत्तों ने बनाया था निशाना ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आवारा और खूंखार कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गांव के लोगों के मुताबिक, दो दिन पहले भी कुत्तों ने आरव और सोनू नाम के दो बच्चों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। उस घटना के बाद भी ग्रामीणों में कुत्तों को लेकर दहशत बनी हुई थी। अब 11 वर्षीय प्रियांशु की मौत के बाद गांव के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आवारा कुत्तों के आतंक पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाते तो शायद इस तरह की दर्दनाक घटना को रोका जा सकता था। मासूम की मौत ने गांव में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने गांव में घूम रहे खूंखार कुत्तों से निजात दिलाने और जिम्मेदार विभागों से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम यादव ने बताया कि बच्चे का शव बरामद होने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने भी जांच-पड़ताल की है। पुलिस मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User