जालौन में करंट लगने से लाइनमैन की मौत:बिजली लाइन ठीक करते समय झुलसा, उपकेंद्र में हंगामा
जालौन में गुरुवार शाम बिजली लाइन ठीक करते समय करंट की चपेट में आने से संविदा लाइनमैन की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, कर्मचारी की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली उपकेंद्र पहुंचकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया। लाइन में खराबी ठीक करते समय करंट की चपेट में आया जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर आटा-अकोढ़ी मार्ग पर 33/11 केवी का बिजली उपकेंद्र बना हुआ है। यहां बाबी कंपनी के अंतर्गत लाइनमैन तैनात हैं। ये कर्मचारी उपकेंद्र से जुड़े 13 गांवों में बिजली लाइनों के लोकल फॉल्ट ठीक करने का काम करते हैं। गुरुवार शाम करीब पांच बजे ग्राम संदी के रहने वाले 25 साल के नीटू आटा-अकोढ़ी मार्ग पर बिजली लाइन में आई खराबी ठीक कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पिता और पत्नी को मिली खबर तो मचा कोहराम हादसे की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारियों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, नीटू की मौत की खबर जब उसके पिता मंगल और पत्नी आकांक्षा को मिली तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। जवान बेटे और पति को खोने के गम में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बिजली उपकेंद्र पहुंचकर ग्रामीणों ने किया हंगामा घटना से आक्रोशित ग्रामीण शाम करीब छह बजे बिजली उपकेंद्र पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। हादसे को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी थी। सूचना मिलने पर CO कालपी सदानंद सिंह और आटा थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)