नी-कैप में छिपाकर लाए 1 किलो सोने का पेस्ट:लखनऊ एयरपोर्ट से बाहर निकले दो तस्कर गिरफ्तार, तीसरा फरार; सऊदी अरब से लाए थे

Nov 19, 2026 - 20:43
0
नी-कैप में छिपाकर लाए 1 किलो सोने का पेस्ट:लखनऊ एयरपोर्ट से बाहर निकले दो तस्कर गिरफ्तार, तीसरा फरार; सऊदी अरब से लाए थे
लखनऊ में पुलिस ने विदेश से सोने की तस्करी करने वाले दो युवकों को पकड़ा। उनके पास से 1 किलो 23 ग्राम सोने का पेस्ट मिला। दोनों नी-कैप में छिपाकर लाए थे। इसे गलाने पर 7.59 ग्राम शुद्ध सोना निकलता। एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक काली किया सोनेट कार, दो मोबाइल फोन, 8,900 रुपए और सऊदी अरब का आईडी कार्ड भी जब्त किया। दोनों आरोपी मुजफ्फरनगर जिले के रहने वाले हैं। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश की पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर की रात पुलिस टीम शहीद पथ पर लक्ष्मण चौक से आगे एयरपोर्ट की ओर जाने वाले यू-टर्न पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने बताया कि कुछ लोग सोने की खेप लेने काली किया सोनेट कार से आ रहे हैं। सूचना मिली थी कि सोना सऊदी अरब से तस्करी करके लाया गया है। यह खेप बुधवार सुबह 8:30 बजे जेद्दा शहर से फ्लाइनास की फ्लाइट XY 605 से लखनऊ आई थी। जहां कस्टम अधिकारियों को चकमा देकर तस्कर एयरपोर्ट से बाहर निकल गए थे। पुलिस ने घेराबंदी कर कार रोकने की कोशिश की। पुलिस को देखकर कार में सवार तीन लोग गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करते हुए भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दो को पकड़ लिया। तीसरा अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। दोनों ने 514 ग्राम और 509 ग्राम पेस्ट छिपाया था पकड़े गए आरोपियों की पहचान मुजफ्फरनगर के नई मंडी थाना क्षेत्र के बागोवाली निवासी मोहम्मद अब्दुल्ला (30) और छपार थाना क्षेत्र के खुड्डा निवासी मोहम्मद सम्मून (28) के रूप में हुई। तलाशी में अब्दुल्ला की जैकेट से पीली नी-कैप में सिला 514 ग्राम सोने का पेस्ट मिला। सम्मून के पास दूसरी नी-कैप में 509 ग्राम पेस्ट था। पूछताछ में सम्मून ने बताया कि वह 2024 में नौकरी के लिए सऊदी अरब गया था। नौकरी छूटने के बाद आर्थिक तंगी के चलते वह वहाब नाम के व्यक्ति के संपर्क में आया। सम्मून के मुताबिक, वहाब ने भारत भेजने का खर्च देने के बदले उसे नी-कैप में सोने का पेस्ट छिपाकर लखनऊ लाने को कहा था। पुलिस ने पेस्ट का वजन कराकर नमूने की जांच कराई जेद्दा से फ्लाईनास एयरलाइन्स की फ्लाइट (एक्सवाई-605) से लखनऊ पहुंचने के बाद उसने एक नी-कैप अब्दुल्ला को दे दी थी। अब्दुल्ला ने बताया कि वह और उसका साथी सोना लेने आए थे और इसे आगे पहुंचाना था। पुलिस ने सोने के पेस्ट का वजन कराकर नमूने की जांच कराई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस से अभद्रता और कस्टम ड्यूटी की चोरी कर सोने की तस्करी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। साथ ही कार को सीज करने के साथ दोनों से पूछताछ करके तीसरे आरोपी और तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User