जालौन में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:8 दिन पहले झारखंड से लौटा था, घर में फंदे पर लटका मिला
जालौन के कैलिया थाना क्षेत्र के ग्राम धौरपुर में बुधवार की शाम 7 बजे के करीब एक 21 साल के युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव घर में खपरैल के नीचे फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस और क्षेत्राधिकारी कोंच मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फील्ड यूनिट की टीम को बुलाकर घटनास्थल से सबूत जुटाए और शव का पंचायतनामा भरा। जानकारी के अनुसार, धौरपुर के रहने वाले भगवान दास ने शाम करीब 7 बजे कैलिया थाने को सूचना दी कि उनका नाती रोहित कुशवाहा (21) घर में फांसी के फंदे पर लटका हुआ है। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कैलिया अवनीश पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी कोंच परमेश्वर प्रसाद भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल की। बताया गया कि रोहित 7-8 दिन पहले झारखंड के पलामू से अपने गांव धौरपुर लौटा था। वह घर में अकेला रह रहा था। उसके माता-पिता परिवार सहित पलामू में रहते हैं, जहां वे पानी-पुरी का व्यवसाय करते हैं। पुलिस को दी गई जानकारी में यह भी बताया गया कि रोहित शराब पीने का आदी था। हालांकि, युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फील्ड यूनिट की टीम को मौके पर बुलाया। फील्ड यूनिट टीम करीब 10 बजे घटनास्थल पर पहुंची और दरवाजा खोलकर शव को नीचे उतारा। इसके बाद पुलिस ने शव के पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू की। सीओ परमेश्वर प्रसाद का कहना है कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। युवक की मौत के कारणों का पता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)