झांसी-आगरा के बीच दो दिन 4 ट्रेन निरस्त रहेंगी:खारी नदी के पुल पर होना है मरम्मत का काम, ताज एक्सप्रेस भी होगी प्रभावित
झांसी-आगरा मंडल में धौलपुर-आगरा रूट पर खारी नदी पुल की मरम्मत के चलते झांसी से आगरा के बीच चलने वाली चार ट्रेनें 1 और 2 दिसंबर को निरस्त रहेंगी। जाजऊ और भांडई रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित पुल नम्बर 1331/1 पर स्टील गर्डरों की री-गर्डरिंग का काम किया जाएगा। इसके लिए 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक यातायात ब्लॉक लिया जाएगा। वहीं, झांसी-नई दिल्ली ट्रेन के संचालन में भी बदलाव किया गया है। रेल प्रशासन के अनुसार, ब्लॉक के चलते ट्रेन संख्या 11901 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-आगरा कैंट, 11902 आगरा कैंट-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, 11807 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-आगरा कैंट और 11808 आगरा कैंट-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी 1 और 2 दिसंबर को निरस्त रहेंगी। इससे इन तारीखों में इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को दूसरे विकल्प तलाशने होंगे। झांसी-नई दिल्ली ट्रेन आगरा कैंट तक चलेगी ट्रेन संख्या 12279/12280 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-नई दिल्ली के संचालन में भी बदलाव किया गया है। यह ट्रेन पहले से निर्धारित व्यवस्था के तहत ग्वालियर में शॉर्ट टर्मिनेट और ओरिजिनेट की जा रही थी। अब 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक इसका संचालन आगरा कैंट स्टेशन तक ही होगा। इसके बाद 3 से 29 दिसंबर तक यह ट्रेन ग्वालियर तक संचालित की जाएगी। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की वास्तविक स्थिति की जानकारी रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 या नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (NTES) से प्राप्त कर लें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)