जीरो फार्म फीड करने वाले बीएलओ पर डीएम की सख्ती:संभल के संवेदनशील-अतिसंवेदनशील 12 बूथों पर पहुंचे, यहां 55 नए वोटर्स के फार्म मिले
संभल और मुरादाबाद जिले के 1,847 बूथों पर शनिवार को नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चला। बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथों पर बैठे। संभल के 12 संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर अधिकारियों ने पहुंचकर काम देखा। संभल विधानसभा के शहरी इलाके में सेंट मैरी पब्लिक स्कूल के बूथ नंबर 307, 308, 309 और 310 पर दोपहर 3 बजे डीएम अंकित खंडेलवाल और एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी पहुंचे। इन चार बूथों पर 21 नए वोट बने। डीएम ने सेक्टर संयोजक और एसडीएम विकास चंद्र से बीएलओ के काम की जानकारी ली। उन्होंने जीरो फार्म फीड करने वाले बीएलओ पर कार्रवाई के निर्देश दिए। खराब प्रगति पर भी नाराजगी जताई। डीएम और एसपी ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस भी गए। डीएम अंकित खंडेलवाल ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम में सुधार कराने या फॉर्म 7 पर कार्रवाई के लिए लोग बूथ पर बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। ईसीआई नेट और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से भी आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में नहीं है या जिन्हें नाम में सुधार कराना है, वे फॉर्म भरें। इससे उनका नाम सूची में शामिल किया जा सकेगा। डीएम ने बताया कि सेक्टर पुलिस अधिकारी और सेक्टर मजिस्ट्रेट संवेदनशील जगहों की पहचान कर रहे हैं। इसके लिए पिछले वर्षों में चुनाव से जुड़ी हिंसा और अन्य घटनाओं का रिकॉर्ड देखा जा रहा है। जनसंख्या और दूसरे कारकों के आधार पर भी जगहों की पहचान की जा रही है। यह काम जल्द पूरा होगा। बीजेपी जिला महामंत्री शिल्पी गुप्ता ने कहा कि सेंट मैरी स्कूल के चार बूथों पर 21 नए वोट बन चुके हैं और काम जारी है। उन्होंने कहा कि जो बच्चा 1 जनवरी 2027 को 18 साल का हो रहा है, उसका भी वोट बनवाना चाहिए। ससुराल आई नवविवाहित बहू का नाम भी मतदाता सूची में जुड़वाना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)