कैंट बोर्ड ऑफिस में CBI का छापा:4 घंटे तक खंगाली फाइलें, 72 कर्मचारियों से रिश्वत मांगने का आरोप

Nov 19, 2026 - 21:00
0
कैंट बोर्ड ऑफिस में CBI का छापा:4 घंटे तक खंगाली फाइलें, 72 कर्मचारियों से रिश्वत मांगने का आरोप
कानपुर कैंट बोर्ड कार्यालय में गुरुवार शाम सीबीआई की टीम ने छापा मारा। टीम करीब चार घंटे तक अकाउंट सेक्शन में दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़ी फाइलों की जांच करती रही। इस दौरान कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई। अचानक हुई कार्रवाई से कार्यालय में हड़कंप मच गया । दो नवंबर को हुई कैंट बोर्ड की बैठक में करीब 72 कर्मचारियों को एसीपी (एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन) और एरियर के रूप में लगभग तीन करोड़ रुपये के भुगतान का प्रस्ताव पास हुआ था। आरोप है कि अकाउंट सेक्शन में तैनात एक कर्मी ने भुगतान कराने के एवज में प्रत्येक कर्मचारी से 40 से 50 हजार रुपये तक की मांग की थी। कर्मचारियों के बीच चर्चा है कि इसी कथित वसूली से परेशान किसी कर्मचारी ने सीबीआई से शिकायत की होगी। हालांकि, शिकायत किसने और किन आरोपों में की, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, करीब 15 दिन पहले कैग (नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक) प्रयागराज की टीम ने भी कैंट बोर्ड कार्यालय पहुंचकर वित्तीय कार्यों से जुड़ी फाइलों का ऑडिट किया था। कर्मचारियों के मुताबिक, ऑडिट के दौरान अकाउंट सेक्शन के स्टाफ ने टीम को जरूरी जानकारियां और दस्तावेज उपलब्ध कराए थे। अब सीबीआई की कार्रवाई को लेकर यह भी चर्चा है कि ऑडिट के दौरान सामने आई वित्तीय अनियमितताओं की जानकारी जांच एजेंसी तक पहुंची हो सकती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User