कार की डिग्गी से युवती का शव सड़क किनारे फेंका:ग्रामीणों ने 2 किमी तक पीछा किया, ड्राइवर गोरखपुर की ओर भागा
देवरिया में शनिवार शाम करीब 7 बजे सफेद कार से युवती का शव सड़क किनारे फेंक दिया गया। इसके बाद चालक कार लेकर गोरखपुर की ओर फरार हो गया। युवती की उम्र करीब 22 वर्ष बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। देर रात तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। मामला रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के कन्हौली गांव के पास का है। डिग्गी से शव फेंककर भागा चालक जानकारी के मुताबिक, सफेद कार रामलक्षन की तरफ से आई थी। कन्हौली-गोरखपुर मार्ग पर ग्लोबल स्कूल के पास खेतों की ओर जाने वाले रास्ते पर चालक ने कार की डिग्गी से युवती का शव नीचे फेंक दिया। इसके बाद वह तेजी से गोरखपुर की ओर भाग निकला। शव सड़क किनारे गिरते देख ग्रामीणों ने शोर मचाया और कार का पीछा शुरू कर दिया। ग्रामीण करीब दो किलोमीटर तक वाहन के पीछे दौड़े, लेकिन चालक को पकड़ नहीं सके। रामलक्षन चौकी के पास भी दिखी थी कार बताया गया कि रामलक्षन चौकी के पास पुलिसकर्मियों ने भी सफेद कार को देखा था। हालांकि, चालक वहां से भी तेजी से निकल गया। इसके बाद ग्रामीणों ने डायल 112 पर फोन कर घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही रामलक्षन चौकी प्रभारी सौरभ सिंह, सीओ रुद्रपुर राजेश कुमार चतुर्वेदी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस पुलिस ने युवती की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस घटनास्थल से लेकर रामलक्षन चौकी और गोरखपुर की ओर जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सफेद कार के नंबर और चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। सीओ रुद्रपुर राजेश कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि 31 अक्टूबर को डायल 112 के माध्यम से रुद्रपुर थाना क्षेत्र में महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)