कार्बाइड बम का विस्फोट छीन सकता है आंखों की रोशनी:आई सर्जन बोले- दिवाली पर पटाखे जलाते समय बरतें सावधानी, बच्चों को अकेले न छोड़ें

Nov 08, 2026 - 11:44
0
कार्बाइड बम का विस्फोट छीन सकता है आंखों की रोशनी:आई सर्जन बोले- दिवाली पर पटाखे जलाते समय बरतें सावधानी, बच्चों को अकेले न छोड़ें
हरदोई में दिवाली की खरीदारी और पटाखे छुड़ाने की तैयारियां जोरों पर हैं। बाजारों में भीड़ है और लोग त्योहार को यादगार बनाने में जुटे हैं। लेकिन जश्न के बीच पटाखों की एक छोटी सी चूक जिंदगीभर का अंधेरा दे सकती है। खासकर कार्बाइड बम का तेज विस्फोट आंखों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है। मेडिकल कॉलेज के नेत्र विभागाध्यक्ष डॉ. विजय तोमर ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉ. विजय तोमर ने चेतावनी दी कि किसी भी स्थिति में कार्बाइड बम का इस्तेमाल न करें। इसके अचानक होने वाले तेज विस्फोट से रसायन और कण आंखों में जा सकते हैं। इससे आंखों के नाजुक हिस्सों को गंभीर चोट पहुंच सकती है और हमेशा के लिए रोशनी जाने का खतरा रहता है। बच्चों को पटाखे जलाते समय अकेला न छोड़ें नेत्र रोग विशेषज्ञ ने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को कभी अकेले पटाखे न जलाने दें। उत्सुकता में बच्चे अक्सर जलते पटाखों के करीब पहुंच जाते हैं। इससे हादसे की आशंका बढ़ जाती है। बच्चों को हमेशा बड़ों की निगरानी में ही आतिशबाजी करनी चाहिए। पटाखे जलाते समय चेहरे और आंखों को उनसे सुरक्षित दूरी पर रखें। आंख में चिंगारी जाए तो न करें ये गलती अगर किसी की आंख में बारूद या चिंगारी चली जाए तो उसे हाथ से बिल्कुल न रगड़ें। ऐसा करने से आंख के नाजुक हिस्सों में खरोंच आ सकती है। तुरंत साफ पानी से आंख धोएं और बिना देर किए नेत्र रोग विशेषज्ञ से संपर्क करें। आंख में फंसे कण को खुद निकालने या घरेलू उपचार करने की कोशिश न करें। बाजारों में दिवाली की खरीदारी तेज शहर के सीएसएन कॉलेज और आईटीआई मैदान में पटाखा बाजार सजे हैं। बड़ा चौराहा, सिनेमा चौराहा, रेलवेगंज, सदर बाजार, जिंदपीर चौराहा और पिहानी चुंगी समेत प्रमुख बाजारों में पूजा सामग्री और त्योहार के सामान की खरीदारी हो रही है। ऐसे में डॉक्टर ने अपील की है कि खुशियों के इस त्योहार में थोड़ी सी सावधानी बरतकर आंखों की रोशनी और परिवार की खुशियां सुरक्षित रखी जा सकती हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User