काशी में छठ पर बढ़ी पीतल के सूपों की डिमांड:मई में थी मंदी त्योहारों पर लौटी रौनक, 700 से बढ़कर 1100 रुपए किलो बिका पीतल
छठ महापर्व को लेकर वाराणसी के काशीपुरा की पीतल मंडी में रौनक बढ़ गई है। मई में कारोबार सुस्त रहने के बाद अब त्योहारों पर पीतल के बर्तनों की जमकर खरीदारी हो रही है। छठ के लिए पीतल के सूप, लुटिया और डलिया की मांग सबसे ज्यादा है। दुकानदारों के मुताबिक, इस बार पिछले साल के मुकाबले सूप के दाम भी बढ़े हैं। पिछले साल 700 रुपए किलो बिकने वाला पीतल का सूप इस बार 1100 रुपए किलो तक पहुंच गया है। एक दुकान से बिकते हैं 500-600 सूप
काशीपुरा में तीन पीढ़ियों से दुकान चला रहे दिनेश कुमार ने बताया कि बनारस में छठ का पर्व अब काफी धूमधाम से मनाया जाने लगा है। इस दौरान सूप, पीतल की लुटिया और डलिया की मांग बढ़ जाती है। ये सूप बनारस और आसपास के इलाकों में तैयार होते हैं। एक दुकानदार के यहां छठ के दौरान करीब 500 से 600 पीस तक सूप बिक जाते हैं। वहीं, 50 साल से कारोबार कर रहे सागर कसेरा ने बताया कि मई में कारोबार मंदा था, लेकिन त्योहारों के चलते अब खरीदारी बढ़ गई है। छठ पर सूप, डलिया, लुटिया और पीतल के दूसरे बर्तनों की मांग रहती है। यहां से बर्तनों की सप्लाई पूरे यूपी के साथ बिहार और झारखंड तक होती है। उन्होंने बताया कि इस साल सूप की कीमत पिछले साल के 700 रुपए से बढ़कर 1100 रुपए किलो हो गई है। सूर्य को अर्घ्य देने के लिए पीतल के बर्तनों की खरीदारी
छठ की खरीदारी करने पहुंचीं महिलाओं ने बताया कि इस पर्व में पीतल के सामान का विशेष महत्व है। सूप और डलिया में फल, फूल, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री रखकर सूर्य भगवान को अर्घ्य दिया जाता है। इसके लिए पीतल की लुटिया का भी इस्तेमाल होता है। खीर बनाने के लिए पीतल की कढ़ाई और दूसरे बर्तन भी खरीदे जाते हैं। पीतल का सूप खरीदने पहुंचीं संगीता ने बताया कि वह दूसरी बार छठ का व्रत रख रही हैं। उन्होंने बच्चों के स्वस्थ और सुरक्षित रहने की कामना के लिए व्रत रखा है। तीर्थनगरी होने से सदियों पुराना है धातु शिल्प का कारोबार काशी का पीतल और तांबे के बर्तनों से रिश्ता काफी पुराना है। धार्मिक नगरी होने के कारण यहां देशभर से श्रद्धालु आते रहे हैं। पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए इस्तेमाल होने वाले बर्तन, मूर्तियां और दूसरी धातु की वस्तुएं यहां तैयार की जाती रही हैं। तीर्थयात्रियों के लिए पूजा सामग्री के साथ यादगार के तौर पर ले जाने वाली कलात्मक वस्तुएं भी बनाई जाती थीं। भारत सरकार के जनगणना विभाग ने 1961 में वाराणसी के पीतल और तांबे के बर्तन उद्योग का विशेष सर्वे कराया था। इसकी रिपोर्ट 1964 में प्रकाशित हुई थी। इसमें कच्चे माल, कारीगरों, उत्पादन तकनीक, लागत और बाजार का अध्ययन किया गया था। इससे पता चलता है कि छह दशक से ज्यादा पहले भी बनारस का धातु कारोबार एक स्थापित उद्योग था। लोटे से लेकर मंदिर के कलश और नटराज की मूर्तियों तक बनती हैं
बनारस के धातु शिल्प में केवल घरेलू बर्तन ही नहीं, बल्कि पूजा और सजावट की कई वस्तुएं शामिल हैं। पूजा सामग्री में ताम्रपत्र, पंचपात्र, आचमनी, सम्पुट, गरुड़ घंटी, धूपदानी, आरती, हवनकुंड और मंदिरों के शिखर पर लगाए जाने वाले तांबे के कलश बनाए जाते हैं। घरेलू इस्तेमाल के लिए बनारसी गोल लोटा, सुरती लोटा, गंगा-जमुनी लोटा, बनारसी गागरा, चंपा गागरा, मिर्जापुरी और गोल बटुआ, बनारसी पतीली, कड़ाही, बाल्टी और पानदान जैसे उत्पाद तैयार होते हैं। इसके अलावा तांबे और पीतल की दीवारों पर लगाने वाली सजावटी प्लेटें, नटराज की मूर्तियां, नक्काशीदार झूमर, टेबल लैंप, फूलदान, ऐशट्रे और सजावटी कटोरे भी बनाए जाते हैं। इन कलात्मक वस्तुओं की मांग देश के साथ विदेशों में भी है। बनारस के सामान्य बर्तनों की खपत उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल तक होती है, जबकि कलात्मक धातु उत्पाद अमेरिका और यूरोपीय देशों तक निर्यात किए जाते हैं। इस तरह छठ जैसे त्योहारों पर बढ़ने वाली खरीदारी काशी की पीढ़ियों पुरानी धातु शिल्प परंपरा को भी आगे बढ़ाती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)