छठ से पहले घाटों पर कूड़े का अंबार:सचान-सीटीआई नहर में कचरा और बदबू से परेशान श्रद्धालु, गंदगी से घिरी पूजा की वेदियां
कानपुर में लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत में महज एक दिन बचा है, लेकिन शहर के छठ पूजा घाटों पर तैयारियों के नाम पर प्रशासन की लापरवाही साफ नजर आ रही है। सचान नहर हो या सीटीआई नहर दोनों जगह गंदगी का अंबार लगा है। नहरों में काला पानी भरा है तो कई जगह सिल्ट और कूड़ा जमा है। पूजा की वेदियां गंदगी से घिरी हैं और घाट तक पहुंचने वाले रास्ते भी बदहाल हैं। सड़क से गिट्टी-पत्थर निकल आए हैं। दैनिक भास्कर की ग्राउंड रिपोर्ट में हालात ऐसे हैं कि 36 घंटे का निर्जला व्रत रखने वाली महिलाओं को सूर्य को अर्घ्य देने के लिए कीचड़ और गंदगी के बीच से गुजरना पड़ सकता है। देखिए 3 तस्वीरें... स्थानीय लोग खुद ही घाटों की सफाई में जुटे जिन घाटों पर हर साल हजारों श्रद्धालु अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं, वहां अब तक बुनियादी व्यवस्थाएं तक दुरुस्त नहीं हुई हैं। प्रशासनिक इंतजामों का इंतजार करने की जगह स्थानीय लोग खुद ही घाटों की सफाई कर रहे हैं और पूजा के लिए वेदियां बना रहे हैं। कहीं कूड़ा हटाया जा रहा है तो कहीं अपने स्तर से रास्ता साफ किया जा रहा है। छठ जैसे बड़े पर्व पर भी लोगों को खुद व्यवस्था करनी पड़ रही है। घाटों पर रोशनी, मोबाइल टॉयलेट भी नदारद शहर में पूर्वांचल और बिहार की करीब साढ़े 8 लाख आबादी छठ पर्व मनाती है। गंगा घाटों, नहरों और कृत्रिम तालाबों को मिलाकर करीब 50 से 55 स्थानों पर पूजा होती है। इसके बावजूद कई प्रमुख घाटों पर तैयारियां अधूरी हैं। पनकी, आवास विकास, कल्याणपुर, रविदासपुरम और बर्रा समेत कई क्षेत्रों में गंदगी और अव्यवस्थाओं की शिकायतें हैं। पूजा की बेदियों की रंगाई-पुताई तक नहीं हुई है। घाटों पर रोशनी, मोबाइल टॉयलेट और स्वच्छ जल की व्यवस्था भी नदारद है। हर साल आश्वासन, सफाई की जिम्मेदारी लोगों पर बर्रा विश्व बैंक स्थित सचान नहर पर हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठ पूजा करने पहुंचते हैं। लेकिन इस बार भी घाट की स्थिति नहीं सुधरी है। नहर के आसपास गंदगी फैली है। पानी में कचरा और काला पानी दिखाई दे रहा है। घाट तक पहुंचने वाले रास्ते पर गिट्टी-पत्थर बिखरे हैं। ऐसे में नंगे पांव चलकर पूजा करने पहुंचने वाली महिलाओं और दउरा लेकर आने वाले श्रद्धालुओं को चोट लगने का खतरा है। गंदगी के ढेर से परेशान श्रद्धालु स्थानीय निवासी संदीप कुशवाहा ने बताया कि वह बचपन से सचान नहर पर छठ पूजा करते आ रहे हैं, लेकिन पिछले कुछ सालों से सफाई की व्यवस्था लगातार खराब होती जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाएं व्रत रखने के बाद इसी कीचड़ और गंदगी के बीच खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देंगी। नहर में कांच के टुकड़े और मूर्ति विसर्जन के दौरान इस्तेमाल होने वाले तार पड़े रहते हैं। इससे व्रतियों के पैरों में चोट लगने का खतरा बना रहता है। बदहाल व्यवस्था के कारण कई परिवार अब घरों में ही पूजा करने को मजबूर हो रहे हैं। पार्षद से लेकर महापौर तक शिकायत करने के बावजूद सुनवाई नहीं होती। लोग बोले- लाखों रुपये का चंदा मिलने के बाद भी नहीं है सुविधा गोविंद नगर निवासी हिमांशु गुप्ता ने बताया कि वह हर साल परिवार के साथ सचान नहर पर छठ पूजा करने आते हैं, लेकिन सफाई के नाम पर यहां कोई व्यवस्था नहीं दिखाई देती। उन्होंने आरोप लगाया कि हर साल लाखों रुपये का चंदा आने के बावजूद शकरपुर मंडी की ओर से भी श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाएं नहीं जुटाई जातीं। प्रशासन हर साल अगले पर्व पर बेहतर व्यवस्था का दावा करता है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी रहती है। इस बार भी लोगों को खुद ही सफाई करनी पड़ रही है। पुल के नीचे जमा कचरा, उठ रही बदबू सीटीआई नहर की स्थिति भी चिंताजनक है। नहर में जगह-जगह सिल्ट और कूड़ा जमा है। खासकर पुल के नीचे सफाई नहीं होने से गंदगी लंबे समय से पड़ी हुई है। आसपास के लोगों का कहना है कि नहर की सफाई कई दिनों से चल रही है, लेकिन पुल के नीचे का हिस्सा हर बार छूट जाता है। इससे बदबू उठती रहती है और पानी भी गंदा बना हुआ है। सीटीआई के महादेव नगर निवासी निहाल सिंह ने बताया कि नहर की सफाई का काम चल रहा है, लेकिन पुल के नीचे की सफाई नहीं हो पा रही है। इसी वजह से वहां गंदगी जमा रहती है। लोगों को मजबूरी में इसी जगह पूजा करनी पड़ती है। उन्होंने बताया कि बदहाल व्यवस्था के कारण अब कई लोग घरों में ही छठ पूजा करने लगे हैं। त्योहार की सभी को जानकारी, फिर तैयारी अधूरी स्थानीय निवासी लखनलाल शर्मा ने कहा कि छठ कोई एक दिन में आने वाला त्योहार नहीं है। यह हर साल मनाया जाता है और प्रशासन को इसकी तारीख और तैयारियों की जानकारी पहले से रहती है। इसके बावजूद घाटों पर गंदगी का अंबार लगा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रशासन को पहले से पता है कि हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचेंगे, तो समय रहते सफाई क्यों नहीं कराई गई? अरविंद कुमार सिंह ने भी सीटीआई नहर की सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पुल के नीचे कचरा जमा होने से बदबू आती है। सफाई का काम ठीक से नहीं कराया गया है। अब पर्व मनाना है तो जैसी व्यवस्था मिलेगी, उसी में पूजा करनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग अपने स्तर से जितनी सफाई कर सकते हैं, कर रहे हैं। 36 घंटे निर्जला व्रत, लेकिन घाटों पर बुनियादी सुविधाएं नहीं छठ महापर्व शुद्धता, स्वच्छता और प्रकृति की उपासना का प्रतीक है। व्रती महिलाएं 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखकर डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देती हैं। ऐसे में घाटों पर स्वच्छ पानी, साफ रास्ते, पर्याप्त रोशनी और साफ-सफाई की व्यवस्था जरूरी है। लेकिन सचान और सीटीआई नहर पर इन बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। शाम के अर्घ्य के दौरान रोशनी नहीं होने से महिलाओं और बुजुर्गों को परेशानी हो सकती है। वहीं, मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था नहीं होने से भी श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। चार दिन चलेगा छठ का महापर्व 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत होगी। 14 नवंबर को खरना होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास के बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगी। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा। 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ व्रत का पारण होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)