कौशांबी में सपा विधायक समेत चार पर केस:नपाध्यक्ष ने शिकायत की थी, केशव मौर्य बोले- फौजी पीठ नहीं दिखाएगा

Nov 08, 2026 - 21:31
0
कौशांबी में सपा विधायक समेत चार पर केस:नपाध्यक्ष ने शिकायत की थी, केशव मौर्य बोले- फौजी पीठ नहीं दिखाएगा
कौशांबी में मंझनपुर नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज उर्फ फौजी की ओर से सपा के राष्ट्रीय महासचिव और मंझनपुर विधायक इंद्रजीत सरोज समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के बाद सियासत तेज हो गई है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने फौजी के समर्थन में बयान दिया, वहीं इंद्रजीत सरोज ने मुकदमे को झूठा बताते हुए इसे भाजपा की चुनावी हार की बौखलाहट करार दिया। एक दिवसीय दौरे पर कौशांबी पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से पत्रकारों ने इस मुकदमे को लेकर सवाल किया। इस पर उन्होंने कहा, "अगर उन्होंने सोचा है कि फौजी पीठ दिखाएगा, तो यह उनकी गलतफहमी है।" वहीं, सपा के राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज ने मुकदमे को झूठा बताया। उन्होंने कहा कि जब से वह समाजवादी पार्टी में आए हैं, तब से भाजपा कौशांबी में चुनाव हार रही है। भाजपा तीनों विधानसभा सीटों के साथ लोकसभा चुनाव भी हार गई। इसी बौखलाहट में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। इंद्रजीत सरोज ने आरोप लगाया कि नगर पालिका अध्यक्ष को आगे करके डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि मुकदमे में लगाए गए आरोप सच्चाई से परे हैं। वहां ऐसी कोई घटना हुई ही नहीं थी। उन्होंने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया के जरिए पता चला कि उनके खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। इंद्रजीत सरोज ने कहा कि मामले की सच्चाई जानने के लिए म्योहर के स्थानीय लोगों और दुकानदारों से पूछताछ की जानी चाहिए। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और लोगों के मोबाइल में बने वीडियो भी देखे जाने चाहिए। सपा नेता के मुताबिक, वह अपने कार्यकर्ताओं से मिलने म्योहर गए थे। वहां मुख्य सड़क से हटकर प्रदीप चौधरी के घर पर बैठे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के दबाव में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User