खैर के पूर्व विधायक समेत दो पर FIR के आदेश:खैर चेयरमैन-पूर्व विधायक के बीच सियासी खींचतान के बीच कोर्ट का आदेश, वीडियो को अश्लील कमेंट के साथ वायरल करने का आरोप
खैर में रक्षाबंधन के एक कार्यक्रम के वीडियो को एडिट कर अश्लील टिप्पणियों के साथ सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में कोर्ट ने पूर्व विधायक प्रमोद गौड़ और उनके बेटे दिवाकर गौड़ समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं। विशेष न्यायाधीश एमपी/एमएलए एवं अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट संख्या-2 ने 30 अक्टूबर को खैर थाना प्रभारी को मुकदमा दर्ज कर विवेचना करने के निर्देश दिए हैं।
मामला 26 अगस्त का है। शिकायत के मुताबिक, खैर के कोल्ड स्टोर पर नगर पालिका चेयरमैन संजय शर्मा की ओर से रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें करीब 200 महिलाएं राखी बांधने पहुंची थीं। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान बनाए गए वीडियो को एडिट कर उसमें अश्लील टिप्पणियां जोड़ दी गईं और फेसबुक-व्हाट्सएप पर वायरल कर दिया गया। शिकायतकर्ता महिला का आरोप है कि वीडियो और टिप्पणियों के जरिए उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा और मर्यादा को ठेस पहुंचाई गई।
महिला ने 31 अगस्त को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कार्यालय के जनशिकायत प्रकोष्ठ में शिकायत की थी। कार्रवाई न होने पर कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया। अदालत ने धारा 175(3) बीएनएस के तहत प्रार्थना पत्र स्वीकार करते हुए थानाध्यक्ष खैर को एफआईआर दर्ज करने और पेन ड्राइव समेत सभी दस्तावेज विवेचना में शामिल करने का आदेश दिया है। एफआईआर की प्रति सात दिन के भीतर न्यायालय में दाखिल करनी होगी।
राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के बीच मामला चर्चा में
इस प्रकरण के राजनीतिक मायने भी हैं। जिस कार्यक्रम का वीडियो वायरल करने का आरोप है, उसका आयोजन मौजूदा खैर नगर पालिका चेयरमैन संजय शर्मा ने कराया था। वहीं, जिन प्रमोद गौड़ और उनके बेटे दिवाकर गौड़ पर आरोप लगाए गए हैं, वे खैर की राजनीति में प्रभावशाली रहे हैं। प्रमोद गौड़ पूर्व विधायक हैं और दिवाकर गौड़ पूर्व ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। वर्तमान में दिवाकर गौड़ की पत्नी ब्लॉक प्रमुख हैं। ऐसे में दोनों राजनीतिक पक्षों के बीच पहले से चली आ रही खींचतान के बीच कोर्ट का यह आदेश खैर की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। मेरे ऊपर लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। हमारी ओर से वीडियो में किसी भी तरह की छेड़छाड़ नहीं की गई है। कुछ लोग महिला को आगे कर इस मामले को राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रहे हैं, जो गलत है। मुझे पुलिस की निष्पक्ष जांच पर पूरा भरोसा है। जांच में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। मैं हर तरह की जांच के लिए तैयार हूं।-प्रमोद गौड़, पूर्व विधायक
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)