कल से नहाय-खाय के साथ शुरू होगा छठ महापर्व:घाटों पर बनने लगीं वेदियां; 36 घंटे निर्जला रहकर व्रती देंगी सूर्य को अर्घ्य
लोक आस्था का महापर्व डाला छठ अब दस्तक दे चुका है। शुक्रवार से चार दिवसीय छठ पूजा की शुरुआत नहाय-खाय के साथ होगी। घरों से लेकर गंगा घाटों तक छठी मइया के गीत गूंजने लगे हैं। घाटों पर व्रतियों और उनके परिजनों ने अभी से अपनी जगह चिह्नित करनी शुरू कर दी है। कहीं वेदियां बनाई जा रही हैं तो कहीं उनकी रंगाई-पुताई और सजावट का काम चल रहा है। अगले चार दिनों तक काशी का माहौल पूरी तरह छठमय रहने वाला है। छठ पर्व के पहले दिन शुक्रवार को व्रती महिलाएं गंगा और पवित्र जलाशयों में स्नान कर शुद्धता के साथ नहाय-खाय की परंपरा निभाएंगी। इस दिन घरों में खास तौर पर कद्दू-भात तैयार किया जाएगा। व्रती महिलाएं घी में बनी बिना प्याज-लहसुन की लौकी की सब्जी, चने की दाल, चावल और रोटी का सेवन करेंगी। इसी सात्विक भोजन के साथ चार दिवसीय कठिन अनुष्ठान का संकल्प लिया जाएगा। खरना से शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत शनिवार को छठ पूजा का दूसरा दिन खरना होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार करेंगी। भगवान सूर्य और छठी मइया को भोग लगाने के बाद प्रसाद ग्रहण किया जाएगा। इसके साथ ही करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा। इस दौरान व्रती अन्न और जल दोनों का त्याग कर कठिन साधना करेंगी। रविवार को डूबते और सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य रविवार की शाम छठ पूजा का सबसे महत्वपूर्ण दृश्य देखने को मिलेगा। व्रती महिलाएं सूप और दउरा में फल, ठेकुआ, नारियल और अन्य पूजन सामग्री सजाकर गंगा घाटों और सरोवरों पर पहुंचेंगी। अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके बाद सोमवार की भोर में उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य दिया जाएगा। इसी के साथ छठी मइया से संतान की सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करते हुए व्रत का पारण होगा। घाटों पर शुरू हुई वेदी बनाने की तैयारी छठ पर्व को लेकर वाराणसी के गंगा घाटों पर तैयारियां तेज हो गई हैं। अस्सी घाट, शास्त्री घाट समेत विभिन्न घाटों पर श्रद्धालु अपनी जगह सुरक्षित करने में जुटे हैं। लोग अपने परिवार की परंपरा के अनुसार वेदियां यानी पिंडियां बना रहे हैं। कहीं ईंटों से वेदी तैयार की जा रही है तो कहीं उसकी रंगाई-पुताई और सजावट हो रही है। पूजा समितियां भी घाटों की साफ-सफाई, रोशनी और बैरिकेडिंग की व्यवस्था में जुटी हैं। छठ यात्रियों के लिए रेलवे भी अलर्ट छठ महापर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल ने भटनी-छपरा रेलखंड का निरीक्षण कर सीवान और छपरा जंक्शन पर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था देखी। साथ ही ट्रैक, सिग्नल और पुल-पुलियों का निरीक्षण कर संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)