कृष्णा नगर पुलिस ने बाजारों में फ्लैग मार्च किया:धनतेरस-दीपावली से पहले ज्वेलर्स की दुकानों का निरीक्षण, व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा
मथुरा में आगामी त्यौहार धनतेरस और दीपावली व अन्य त्योहारों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। शाम करीब 8 बजे कृष्णा नगर चौकी पुलिस और एंटी रोमियो-मिशन शक्ति महिला थाना पुलिस टीम ने क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में पैदल फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसएसपी श्लोक कुमार के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम ने कृष्णा नगर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों और बाजारों में भ्रमण किया। इस दौरान दुकानदारों से बातचीत कर त्योहारों के दौरान सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। पुलिस टीम ने विशेष रूप से सोने-चांदी और आभूषणों की दुकानों का निरीक्षण किया। ज्वेलर्स को सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे सहित अन्य सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त रखने की सलाह दी गई। पुलिस ने बाजारों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच भी की। साथ ही व्यापारियों से अपील की कि दुकान या बाजार में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि अथवा घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पुलिस टीम ने दुकानदारों को भरोसा दिलाया कि त्योहारों के दौरान बाजारों में पुलिस की निगरानी और गश्त लगातार जारी रहेगी। त्योहारों के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती। फ्लैग मार्च का उद्देश्य बाजारों में शांति व्यवस्था बनाए रखना, अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना तथा व्यापारियों और ग्राहकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना रहा। इस दौरान कृष्णा नगर चौकी प्रभारी संजीव सिंह, महिला थाना प्रभारी डेजी पवार सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)