कोयले की आड़ में अफीम तस्करी, पंजाब का तस्कर गिरफ्तार:सीतापुर में 6 किलो अफीम से लदी ट्रक पकड़ी, बिहार से पंजाब पहुंचाया जा रहा था
सीतापुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को मंगलवार तड़के करीब चार बजे बड़ी सफलता मिली। संयुक्त टीम ने लखनऊ-सीतापुर हाईवे पर चेकिंग के दौरान कोयले से लदे ट्रक से 6 किलो 240 ग्राम अवैध अफीम बरामद की। पुलिस ने मौके से पंजाब के एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की कीमत करीब 35 लाख रुपए आंकी गई है, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब छह करोड़ रुपए बताई गई है। ट्रक के केबिन में बनी गुप्त जगह से मिली अफीम पुलिस के मुताबिक, आगामी त्योहारों के मद्देनजर SP अंकुर अग्रवाल ने सघन चेकिंग के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में CO सिटी विनय कुमार यादव के पर्यवेक्षण में सहारनपुर ANTF और खैराबाद पुलिस की संयुक्त टीम मंगलवार को लखनऊ-सीतापुर रोड पर जमैय्यतपुर मोड़ के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कोयले से लदे एक संदिग्ध टाटा ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक के केबिन में बनी गुप्त जगह की जांच करने पर सफेद प्लास्टिक के कट्टे में रखे चार पारदर्शी पैकेट मिले। इनमें 6 किलो 240 ग्राम अफीम बरामद हुई। बिहार से अफीम लेकर पंजाब जा रहा था आरोपी गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरदीप सिंह (46) पुत्र जीत सिंह, रहने वाले मोटे माजरा, मोहाली (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बिहार के गया जिले के बाराचट्टी के रहने वाले एक व्यक्ति से अफीम लेकर आ रहा था। इसे पंजाब के बनूड़ (मोहाली) पहुंचाना था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2,300 रुपए नकद, दो स्मार्टफोन और ट्रक के दस्तावेज भी बरामद किए हैं। CO सिटी ने बताया कि मामले में खैराबाद थाने में NDPS एक्ट की धारा 8/18/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)