पुलिस की वर्दी बदमाश ने रैपिडो चालक का मोबाइल लूटा:बिना नंबर की पल्सर से पहुंचा था आरोपी, मोबाइल लेकर फरार; चालक ने आशियाना थाने में दी तहरीर
लखनऊ के आशियाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के पुलिस की वर्दी पहनकर आए एक बाइक सवार ने रैपिडो चालक को पुलिसिया रौब दिखाकर उसका मोबाइल फोन लूट लिया। आरोपी ने मोबाइल चार्ज न होने की बात कहकर चालक से फोन मांगा और बात करने के बहाने बाइक लेकर फरार हो गया। पीड़ित ने कुछ दूर तक उसका पीछा भी किया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आया। एलडीए कॉलोनी सेक्टर सी-1 निवासी अरविंद गुप्ता ऑटो को रैपिडो में चलाते हैं। उनके मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे वह बुकिंग पर सवारी लेने पीडब्ल्यूडी मार्ग से शारदा नगर पहुंचे थे। इस दौरान वह फोन पर सवारी से बात कर लोकेशन पूछ रहे थे। तभी बिना नंबर की पल्सर बाइक से पुलिस की वर्दी पहने एक युवक वहां पहुंचा। युवक ने पुलिसिया अंदाज में उनसे वहां खड़े होने का कारण पूछा। इसके बाद अपना मोबाइल चार्ज नहीं होने की बात कहकर अरविंद से उनका फोन बात करने के लिए ले लिया। फोन पर बात करते हुए वह बाइक स्टार्ट कर वहां से निकल गया। अरविंद ने कुछ दूर तक उसका पीछा किया, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार से भाग निकला। इसके बाद पीड़ित ने आशियाना थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र कुमार राय ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)