कर्ज चुकाने के बाद भी किसान की जमीन बंधक:KCC लोन लिया था, कोर्ट के आदेश पर SBI के तीन बैंककर्मियों पर केस दर्ज
महोबा के कुलपहाड़ में एक किसान ने आरोप लगाया है कि कर्ज चुकाने के बाद भी उसकी कृषि भूमि बैंक में बंधक है। एकमुश्त समाधान योजना के तहत दो लाख रुपये जमा कराने के बावजूद कर्ज पूरा नहीं चुकाया गया। कोर्ट के आदेश पर SBI के तीन तत्कालीन बैंककर्मियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने तत्कालीन शाखा प्रबंधक नीरज कुमार, फील्ड ऑफिसर यतेंद्र सिंह और एफओएस प्रशांत त्रिवेदी के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले की जांच विकास तिवारी को सौंपी गई है। 2014 में खेती के लिए लिया था KCC लोन कुलपहाड़ कस्बे के हटवारा के किसान मूलचंद्र (80) ने 2014 में खेती के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) लोन लिया था। उनका आरोप है कि 13 अक्टूबर 2023 को उन्होंने कर्ज चुकाने के लिए यतेंद्र सिंह को दो लाख रुपये नकद दिए थे। उस समय प्रशांत त्रिवेदी भी मौजूद थे। दो पर्चियां बनाई गईं, 35 हजार की एंट्री नहीं आरोप है कि रकम जमा करने की दो पर्चियां बनाई गईं। एक पर्ची पर 1 लाख 65 हजार रुपये और KCC खाता नंबर दर्ज था। इसकी एंट्री बैंक स्टेटमेंट में भी दिखी। दूसरी पर्ची पर 35 हजार रुपये लिखे थे, लेकिन KCC खाता नंबर नहीं था। इस रकम का जिक्र बैंक स्टेटमेंट में भी नहीं मिला। किसान के मुताबिक, शिकायत करने पर तत्कालीन शाखा प्रबंधक ने 35 हजार रुपये को टोकन मनी बताया। सूचना के अधिकार से मिली जानकारी और जुलाई 2025 में खतौनी निकलवाने के बाद उन्हें पता चला कि जमीन अब भी बैंक में बंधक है और कर्ज बकाया है। शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई तो कोर्ट पहुंचे किसान किसान ने पुलिस और अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर कोर्ट का रुख किया। कुलपहाड़ कोतवाली प्रभारी अनूप सिंह ने सोमवार सुबह 9 बजे बताया कि कोर्ट के आदेश पर रविवार को केस दर्ज किया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)