करोड़ों की संपत्ति हड़पने में फरार बिल्डर की अर्जी खारिज:करोड़पति कारोबारी को 2 साल तक बंधक बनाकर रखा था, तीन आरोपी जेल में
करोड़पति कारोबारी प्रणवपत सिंघानिया को दो साल तक बंधक बनाकर करोड़ों की संपत्ति हड़पने के मामले में एडीजे–7 देवकांत शुक्ला की कोर्ट ने बिल्डर अनूप कुमार अस्थाना की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी। एडीजीसी ने अग्रिम जमानत का विरोध करते हुए दलील की, कि आरोपी रसूखदार है, जिसके चलते वह सबूतों से छेड़छाड़ कर सकता है। वादी, होटलों के मैनजर व स्टाफ के बयानों से साफ है कि आरोपी भी इस अपराध में शामिल था। जुलाई 2024 में अगवा किया था फजलगंज कालपी रोड के राधाकुंज निवासी प्रणवपत सिंघानिया ने स्वरूप नगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि जुलाई 2024 में बिल्डर सुयश अस्थाना उसका पिता अनूप अस्थाना, मेडिकल स्टोर संचालक रमित मिश्रा, बिल्डर बृजेन्द्र नाथ मिश्रा उर्फ बेबी बिल्डर कार से उन्हें अगवा कर अपने स्वरूप नगर स्थित आफिस ले गए। वहां नशे के इंजेक्शन देकर मारपीट की। इसके बाद होटल रायल क्लिफ ले गए और एक माह तक बंधक बनाकर रखा। उसके बाद जुलाई 2026 तक होटल रीजेंटा में रखा गया। आरोपी उन्हें हर दिन नशे के इंजेक्शन देते थे। आरोप है कि राधाकुंज की उसके हिस्से की करीब साढे तीन हजार वर्गगज जमीन छह करोड़ रुपये में रमित की बहन पूर्णिमा दीक्षित के नाम पर बैनामा करा दी। संपत्ति करीब 40 करोड़ के आसपास कीमत की है। एडीजे-7 की कोर्ट में दाखिल की थी अर्जी इसके लिए करीब ढाई करोड़ रुपये प्रणव के खाते में भेजे गए। कुछ समय बाद 1.98 करोड़ रुपये सुयश, 40 लाख रुपये अनूप ने अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। इसके साथ ही कोपरगंज की करीब 100 करोड़ की संपत्ति के एक-तिहाई हिस्से का एग्रीमेंट सुयश और अनूप ने अपने नाम महज तीन लाख रुपये में करा लिया। इसके बाद हालत गंभीर होने पर जुलाई 2026 में उन्हें छोड़ा गया। जिसके बाद उन्होंने मुकदमा दर्ज कराया। इस मालमे में पुलिस ने रमित मिश्रा, सुयश अस्थाना और बृजेन्द्र मिश्रा को जेल भेजा था, जबकि अनूप अस्थाना फरार है। आरोपी ने एडीजे–7 की कोर्ट में अग्रिम जमानत अर्जी दाखिल की थी। एडीजीसी विनोद त्रिपाठी ने बताया कि सुनवाई के बाद कोर्ट ने आरोपी की अर्जी खारिज कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)