कुशीनगर में पांच दिन रामायण का मंचन होगा:1 से 5 नवंबर तक ओंकारेश्वर महादेव मंदिर में होगी प्रस्तुति
कुशीनगर के दिलीपनगर (धनीपट्टी) स्थित ओंकारेश्वर महादेव मंदिर परिसर में 1 से 5 नवंबर तक रामायण का मंचन होगा। ओम सेवा समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में रोज शाम 7 बजे भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंग दिखाए जाएंगे। समिति के सदस्यों ने पडरौना के एक होटल में आज दोपहर 2 बजे प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंचन के जरिए मर्यादा, संस्कार, त्याग, कर्तव्य और नैतिक मूल्यों का संदेश दिया जाएगा।
रामायण मंचन सांस्कृतिक संगम, सलेमपुर/गोरखपुर के तत्वावधान में होगा। नाट्य निर्देशक मानवेंद्र त्रिपाठी के निर्देशन में कलाकार भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों, पारिवारिक मूल्यों, सामाजिक दायित्वों और मर्यादित आचरण को मंच पर दिखाएंगे।
बुद्धा पीजी कॉलेज, कुशीनगर के वरिष्ठ आचार्य और धार्मिक आयोजन के संयोजक डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य धार्मिक कथा के मंचन के साथ समाज में नैतिक चेतना, चारित्रिक दृढ़ता और आध्यात्मिक मूल्यों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के जीवन से सत्य, न्याय, त्याग, सेवा, प्रेम, समर्पण और कर्तव्यपालन की प्रेरणा मिलती है।
आयोजन समिति ने लोगों से परिवार के साथ कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। प्रेस वार्ता में समिति के दीप नारायण अग्रवाल, डॉ. अनिल कुमार सिन्हा, डॉ. कालिंदी त्रिपाठी, ज्ञानवर्धन गोविंदराव, अखिलेश गोयल, सुधीर शाही, आर.के. भट्ट और वीरेश राय मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)